वरिष्ठता के आधार पर उच्च पद का प्रभार पाना अधिकार नहीं: छत्तीसगढ़ HC
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण निर्णय में स्पष्ट किया है कि केवल वरिष्ठता के आधार पर कोई कर्मचारी उच्च पद का वर्तमान प्रभार पाने का असीम या अटूट अधिकार नहीं रखता है. अदालत ने माना कि अस्थायी या प्रभार व्यवस्था के तहत किसी अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपते समय केवल वरिष्ठता ही एकमात्र पैमाना नहीं हो सकती, बल्कि उसकी प्रशासनिक कार्यकुशलता और समग्र उपयुक्तता भी उतनी ही मायने रखती है.
न्यायमूर्ति बिभू दत्त गुरु की एकल पीठ ने गरियाबंद के प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) पद पर कनिष्ठ अधिकारी को प्रभार दिए जाने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज करते हुए यह फैसला सुनाया.
यह मामला ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) किशन लाल मटवाले द्वारा दायर याचिका से जुड़ा है. याचिकाकर्ता, जो वर्ष 1995 से शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में छुरा में बीईओ के पद पर तैनात हैं, ने राज्य शासन द्वारा जारी उस आदेश को चुनौती दी थी जिसमें उनसे कनिष्ठ अधिकारी राजेश चंद्राकर को गरियाबंद के डीईओ का प्रभार सौंपा गया था.
याचिकाकर्ता का तर्क था कि छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा सेवा भर्ती एवं पदोन्नति नियम 2026 के तहत वे पदोन्नति और प्रभार के लिए पूरी तरह योग्य हैं. वरिष्ठता के बावजूद कनिष्ठ अधिकारी को प्रभार देना प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन है और उनके अधिकारों की अनदेखी है.
मामले की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त अधिवक्ता ने याचिका का कड़ा विरोध किया. राज्य पक्ष ने कोर्ट के समक्ष गरियाबंद कलेक्टर का एक शासकीय पत्र प्रस्तुत किया, जिसमें याचिकाकर्ता पर नियमों की अनदेखी और शासकीय कर्तव्यों में गंभीर लापरवाही बरतने का उल्लेख था. कलेक्टर ने याचिकाकर्ता के आचरण को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के विपरीत मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई और निलंबन की सिफारिश की थी.
राज्य सरकार ने तर्क दिया कि प्रभार एक अस्थायी व्यवस्था है और संबंधित अधिकारी के खिलाफ प्रतिकूल प्रशासनिक टिप्पणियां होने के कारण उन्हें उच्च प्रशासनिक पद की जिम्मेदारी नहीं सौंपी जा सकती.
हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलों और रिकॉर्ड का अवलोकन करने के बाद याचिकाकर्ता की मांग को अनुचित पाया. अदालत ने कहा कि याचिकाकर्ता ऐसा कोई वैधानिक प्रावधान या नियम नहीं दिखा सके, जिसके तहत वरिष्ठता के आधार पर प्रभार पाना स्वतः सिद्ध अधिकार बन जाता हो. कोर्ट ने टिप्पणी की कि जब तक कोई वैधानिक अधिकार या नियम न हो, तब तक केवल वरिष्ठता ही प्रभार सौंपने का एकमात्र आधार नहीं हो सकती.
अदालत ने अपने आदेश में रेखांकित किया कि किसी उच्च पद का प्रभार देना एक प्रशासनिक स्टॉपगैप व्यवस्था है, जिसमें सक्षम प्राधिकारी द्वारा अधिकारी की दक्षता, अनुभव और प्रशासनिक आवश्यकताओं का आकलन किया जाता है. वरिष्ठता कभी भी उपयुक्तता का स्थान नहीं ले सकती.
इसके साथ ही कोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब तक किसी आदेश में वैधानिक नियमों का उल्लंघन, दुर्भावना या स्पष्ट मनमानापन साबित न हो, तब तक अदालतें प्रशासनिक फैसलों में अपना हस्तक्षेप नहीं करेंगी. आदेश में कोई अवैधता न पाते हुए हाईकोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 226 के तहत दायर इस याचिका को खारिज कर दिया.