हिमंत बिस्वा सरमा के पत्नी के पास 3 देशों के पासपोर्ट- पवन खेड़ा का आरोप
नई दिल्ली । डेस्क: असम विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को होने वाले मतदान से ठीक पहले राज्य की राजनीति में उस समय भूचाल आ गया, जब कांग्रेस ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनके परिवार पर बेहद गंभीर और सनसनीखेज आरोप लगाए. कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने रविवार को नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया कि मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के पास भारत के अलावा तीन अन्य देशों संयुक्त अरब अमीरात (UAE), एंटीगुआ और बारबुडा, तथा मिस्र के वैध पासपोर्ट हैं.
पवन खेड़ा ने कथित दस्तावेजों को सार्वजनिक करते हुए सवाल उठाया कि जो मुख्यमंत्री अपनी राजनीति का आधार ही मुस्लिम विरोधी रुख पर रखते हैं, उनकी पत्नी के पास दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट कैसे हैं?
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग को दिए गए अपने हलफनामे में न केवल इन पासपोर्टों की जानकारी छिपाई है, बल्कि दुबई में मौजूद दो महंगी संपत्तियों और अमेरिका के व्योमिंग में स्थित एक शेल कंपनी का विवरण भी साझा नहीं किया है.
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त से तत्काल हस्तक्षेप कर मुख्यमंत्री का नामांकन रद्द करने और गृह मंत्री अमित शाह से इस पूरे मामले की एसआईटी जांच कराने की मांग की है.
इन आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसे कांग्रेस की हताशा और "डूबती हुई जमीन" का प्रतीक बताया है. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में इन दावों को "दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीति से प्रेरित झूठ" करार देते हुए कहा कि जो दस्तावेज दिखाए जा रहे हैं, वे डिजिटल हेराफेरी (मैनिपुलेशन) का एक भद्दा नमूना हैं.
सीएम सरमा ने ऐलान किया कि वह और उनकी पत्नी अगले 48 घंटों के भीतर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने के डर से जनता को गुमराह करने के लिए इस स्तर पर उतर आई है, लेकिन अब कानून अपना काम करेगा और पवन खेड़ा को जेल जाना पड़ेगा.
वहीं, रिनिकी भुइयां शर्मा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पलटवार करते हुए कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रवक्ता को बिना जांच-परख के काल्पनिक दस्तावेजों का प्रसार नहीं करना चाहिए था और अब वे अदालत में इसका जवाब देंगे. जैसे-जैसे असम में चुनावी अभियान अपने शिखर पर पहुंच रहा है, सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इस जुबानी जंग ने राज्य के राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है.