हिमाचल में बाढ़, 30 की मौत 34 लापता
नई दिल्ली । डेस्क: हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा से आयी बाढ़ में अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है. इसके अलावा 34 लोग लापता बताये जा रहें हैं. इसकी जानकारी आपदा प्रबंधन एवं राजस्व विभाग के विशेष सचिव डीसी राणा ने दी है.
डीसी राणा ने बताया,"19 जून को हिमाचल प्रदेश में मानसून आया था. इसके बाद लगातार बारिश हो रही है. बुधवार को मंडी ज़िले में दस लोगों की मौत हो गई है."
उन्होंने बताया, "29 और 30 जून को पूरे क्षेत्र में भारी बारिश हुई, जिससे काफ़ी नुक़सान हुआ है. कई जगहों से बादल फटने और तबाही की ख़बर आई है."
मिली जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में 15, जबकि कुल्लू और किन्नौर जिले में एक-एक जगह बादल फटा है. मंडी जिले में बारिश, बादल फटने और ब्यास नदी व नालों के रौद्र रूप से भारी तबाही हुई है.
एनडीआरएफ ने लापता लोगों की खोज के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. टिकरी प्रोजेक्ट से करीब दो दर्जन लोग रेस्क्यू किये गये हैं.