युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया पर हाईकोर्ट की रोक
बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में शिक्षकों और स्कूलों के युक्तियुक्तकरण का मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद उसमें बड़ा फैसला आया है. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया पर रोक लगा दी है.
हालांकि यह स्थगन आदेश प्रदेश के सभी स्कूलों के लिए नहीं है. महासमुंद के एक शिक्षक की याचिका पर यह आदेश जारी किया गया है.
दरअसल महासमुंद के शिक्षक कल्याणी थेकर ने युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. अपनी याचिका में उन्होंने बताया था कि अफसरों ने दर्ज संख्या में हेराफेरी करते हुए कम बता दिया था.
जबकि स्कूल में 91 बच्चे हैं, जिसके मुताबिक शासन के निर्देश पर एक हेडमास्टर और चार शिक्षक होना चाहिए. लेकिन अफसरों ने दर्ज संख्या को कम करते हुए 88 बच्चे दर्शाया था. इसी के चलते उसे अतिशेष बता दिया, जिसके कारण उनका नाम युक्तियुक्तकरण की सूची में डाल दिया गया और उनकी पदस्थापना दूर के स्कूल में कर दी गई.
इस मामले की जब सुनवाई हुई तो शासन की तरफ से स्वीकार किया गया कि स्कूल की दर्ज संख्या में त्रुटि हो गई है, जिसके कारण ऐसा हुआ है. इस पर हाईकोर्ट ने कहा कि राज्य शासन द्वारा बिना दावा-आपत्ति लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू करना असंवैधानिक है.
हाईकोर्ट ने इस केस में 10 दिन के लिए स्थगन आदेश जारी किया है.
इसी तरह से प्रदेश के अन्य जिलों से भी युक्तियुक्तरण के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है. इसमें रायपुर, दुर्ग, महासमुंद और बिलासपुर के शिक्षक शामिल हैं.
शिक्षकों ने याचिका में कहा है कि प्राथमिक स्कूल अब माध्यमिक स्कूल में मर्ज हो जाएगा. जिसके चलते प्राथमिक शाला का प्रधानपाठक अब फिर से सहायक शिक्षक बन जाएगा.
इसी तरह जिन जगहों में हायर सेकेंडरी स्कूल और माध्यमिक स्कूल एक साथ है वहां मिडिल स्कूल भी मर्ज हो जाएगा.
इस स्थिति में मिडिल स्कूल के प्रधानपाठक फिर से शिक्षक बन जाएंगे. इस तरह से युक्तियुक्तकरण के माध्यम से पदों को समाप्त किया जा रहा है.