JPSC व फूड सेफ्टी भर्ती रद्द करने पर HC की रोक, 450 को राहत
रांची । डेस्क: झारखंड हाई कोर्ट ने राज्य में 11वीं से 13वीं झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षाओं और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों (फूड सेफ्टी ऑफिसर्स) की नियुक्तियां रद्द करने से जुड़े सरकारी आदेशों पर रोक लगा दी है. अदालत के इस फैसले से प्रभावित हुए लगभग 450 अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है.
मामले की सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने कहा कि नियुक्तियां रद्द करने का यह निर्णय प्रथम दृष्टया प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों (Principle of Natural Justice) का उल्लंघन करता है.
अदालत ने राज्य सरकार को इस संबंध में अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है और मामले की अगली सुनवाई के लिए 15 सितंबर की तारीख तय की है.
गौरतलब है कि भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों के लगातार चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच राज्य सरकार ने वर्ष 2014 के बाद से जेपीएससी और आउटसोर्स एजेंसियों द्वारा आयोजित 45 परीक्षाओं को रद्द करते हुए उनकी जांच के आदेश दिए थे.
अब हाई कोर्ट के इस अंतरिम आदेश से रद्द की गई नियुक्तियों की प्रक्रिया पर फिलहाल विराम लग गया है.