हसदेव अरण्य में कोयला खनन को हाईकोर्ट की हरी झंडी
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने हसदेव अरण्य क्षेत्र में जारी परसा ईस्ट और केते बासन में कोयला उत्खनन के विरुद्ध दायर की गई याचिका को खारिज कर दिया है. मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रविंद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने स्पष्ट किया कि जब किसी परियोजना को केंद्र और राज्य सरकार से सभी वैधानिक और कानूनी मंजूरियाँ प्राप्त हो चुकी हों, तो न्यायिक हस्तक्षेप के जरिए स्थापित व्यवस्था को रोकना उचित नहीं है.
अदालत ने कहा कि विकास कार्यों और पर्यावरणीय चिंताओं के बीच संतुलन आवश्यक है, विशेषकर उन परियोजनाओं में जहाँ बड़ा सार्वजनिक हित जुड़ा हो और कार्य काफी आगे बढ़ चुका हो.
हालांकि धरातल पर हकीकत ये है कि इस कोल ब्लॉक के पहले फेज की खुदाई चार साल पहले ही खत्म हो चुकी है. जबकि दूसरे फेज में भी खुदाई जारी है.
यह पूरा विवाद परसा ईस्ट और केते बासन (PEKB) कोल ब्लॉक के फेज-1 और फेज-2 के खनन कार्यों से जुड़ा है. हसदेव अरण्य बचाओ संघर्ष समिति और जयनंदन सिंह पोर्ते ने एकल पीठ के फैसले को चुनौती देते हुए तर्क दिया था कि वर्ष 2016 में ग्रामसभा की सहमति के बिना सामुदायिक वन अधिकारों को रद्द करना और 2022 में खनन की नई मंजूरी देना गैर-कानूनी है.
याचिकाकर्ताओं का आरोप था कि ग्रामीणों के अधिकारों की अनदेखी की गई है.
दूसरी ओर, राज्य सरकार ने अदालत में दलील दी कि संघर्ष समिति कोई अधिकृत या वैधानिक संस्था नहीं है, जो ग्रामीणों की ओर से दावे पेश कर सके.
मामले की गहन समीक्षा के बाद, डिवीजन बेंच ने पाया कि परियोजना के लिए वन डायवर्जन और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी तरह नियमों के अनुरूप रही है.
अदालत ने याचिकाकर्ताओं द्वारा केस दाखिल करने में हुई देरी और तथ्यों को पूर्ण रूप से पेश न करने की त्रुटियों को भी रेखांकित किया. खंडपीठ ने माना कि 8 अक्टूबर 2025 को एकल पीठ द्वारा दिया गया निर्णय कानूनन सही था और उसमें हस्तक्षेप की कोई आवश्यकता नहीं है.