रवि, 15 नव. 2026

CGKhabar

अंधेरे से डरने के पीछे छिपा है लाखों साल पुराना विकासवादी सच

C

CG Khabar

22 अप्रै. 2026, 08:55 AM 4 मिनट में पढ़ें 12

अंधेरा
अंधेरा

रायपुर । सीजीखबर डेस्क: अचानक रोशनी चली जाए और चारों ओर सन्नाटा पसर जाए, तो अक्सर मन बेचैन होने लगता है. दिल की धड़कनें तेज हो जाती हैं और एक अनजाना सा डर हावी होने लगता है. अगर आप सोचते हैं कि यह डर केवल आपकी कमजोरी है, तो आप गलत हैं. विज्ञान कहता है कि अंधेरे का यह खौफ आधुनिक नहीं, बल्कि उस आदिम काल की देन है जब इंसान ने जंगलों में आंखें खोली थीं. 


सदियों से हमारे जीन इस डर को ढो रहे हैं, और इसके पीछे कोई काल्पनिक भूत-प्रेत नहीं, बल्कि जीवन बचाने की एक ठोस जैविक प्रक्रिया काम करती है. दरअसल, अंधेरे से डरने का सबसे बड़ा और तार्किक कारण है 'दृश्यता' का अभाव. दिन की रोशनी में हमारे पास यह क्षमता होती है कि हम किसी भी संभावित खतरे या हमले को दूर से देख सकें, लेकिन रात के घनघोर अंधेरे में दो हाथ की दूरी पर खड़ा खतरा भी भांपना नामुमकिन हो जाता है. यही कारण है कि अंधेरे को लेकर इंसान के भीतर एक स्वाभाविक रक्षात्मक प्रतिक्रिया विकसित हुई है. 

विज्ञापन


विकासवादी जीवविज्ञान और मनोविज्ञान के नजरिए से देखें तो दिन और रात ने हमें अलग-अलग सबक सिखाए हैं. दिन ने हमें दुनिया को देखने और समझने की दृष्टि दी, तो रात ने ब्रह्मांड की विशालता का एहसास कराया. हालांकि, रात के अंधेरे ने इंसान पर कुछ नकारात्मक मनोवैज्ञानिक प्रभाव भी डाले, जिनमें सबसे प्रमुख है 'निकोफोबिया' या अंधेरे का डर. 


फोर्ब्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह डर तब से मौजूद है जब इंसानी सभ्यता में तर्कसंगत सोच का जन्म भी नहीं हुआ था. वैज्ञानिकों ने इसे 'सर्वाइवल सर्किट' का नाम दिया है, जो लगभग दस लाख वर्षों से मानव मस्तिष्क में गहराई से समाया हुआ है. यह एक ऐसी सहज प्रक्रिया है जो खतरे के समय शरीर को तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए सक्रिय कर देती है.


इस डर के ऐतिहासिक संदर्भ को समझने के लिए वर्ष 2005 में जीवाश्म विज्ञानी रॉबर्ट हार्ट और नृवंशविज्ञानी रसेल सुसमैन की पुस्तक 'मैन द हंटेड' एक महत्वपूर्ण आधार प्रदान करती है. उनके शोध के अनुसार, मानव विकास के लंबे इतिहास में रातें वाकई बेहद खतरनाक हुआ करती थीं. उनका तर्क है कि आदिम काल में हमारे पूर्वज 'होमोनिन' सूर्यास्त के बाद शिकारी नहीं रह जाते थे. अंधेरा होते ही वे खाद्य श्रृंखला के शीर्ष से गिरकर खुद 'शिकार' बन जाते थे. 


उस दौर में पृथ्वी पर केवल इंसान ही नहीं, बल्कि शेर, तेंदुए और लकड़बग्घे जैसे खूंखार मांसाहारी जीव भी घूमते थे, जो मुख्य रूप से निशाचर थे. रात के अंधेरे में जब इंसान की आंखें बेकार हो जाती थीं, तब ये जानवर अपनी तीक्ष्ण दृष्टि और गंध की शक्ति से इंसानों का शिकार कर लेते थे. इस स्थिति ने मानव मस्तिष्क को यह सिखा दिया कि अंधेरा मौत का पर्याय हो सकता है. 


इसे एक उदाहरण से भी समझा जा सकता है. कल्पना कीजिए कि प्राचीन काल में दो इंसान थे. एक वह जो अंधेरा होते ही सतर्क होकर आग के पास चला जाता था और छोटी सी आहट पर भी चौकन्ना हो जाता था, और दूसरा वह जिसे अंधेरे से कोई फर्क नहीं पड़ता था. जाहिर है, पहले व्यक्ति के जीवित रहने और अपनी वंशवृद्धि करने की संभावना कहीं अधिक थी. इसी चयन प्रक्रिया के कारण आज हम सभी के भीतर वह 'सतर्क पूर्वज' जीवित है.


न्यूरोसाइंस के विशेषज्ञों का कहना है कि इस डर के पीछे हमारे मस्तिष्क का एक छोटा सा हिस्सा है, जिसे 'अमिगडाला' (Amygdala) कहा जाता है. बादाम के आकार का यह हिस्सा किसी भी खतरे के संकेत मिलते ही सबसे पहले सक्रिय होता है. दिलचस्प बात यह है कि अमिगडाला स्पष्ट खतरे की तुलना में 'अस्पष्ट खतरे' के प्रति अधिक संवेदनशील होता है. अंधेरे में जब हमें कुछ दिखाई नहीं देता, तो अमिगडाला 'कंजर्वेटिव' मोड में चला जाता है और मान लेता है कि कोई खतरा छिपा हो सकता है. 


यह 'सावधानी में ही भलाई है' वाले सिद्धांत पर काम करता है. वर्ष 2000 में 'जर्नल ऑफ क्लिनिकल चाइल्ड साइकोलॉजी' में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, यह डर बच्चों में सबसे अधिक पाया जाता है. शोध में पाया गया कि 4 से 6 वर्ष की आयु के बीच अंधेरे का डर अपने चरम पर होता है और उम्र बढ़ने के साथ धीरे-धीरे कम होता जाता है. 


वैज्ञानिकों के लिए सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह डर सार्वभौमिक है. चाहे वह अफ्रीका के जंगलों में रहने वाला बच्चा हो या आधुनिक शहर के किसी अपार्टमेंट में रहने वाला, अंधेरे के प्रति उनकी प्रतिक्रिया एक जैसी होती है. 


इससे यह सिद्ध होता है कि यह डर 'अर्जित' (सीखा हुआ) नहीं, बल्कि 'सहजात' है. यह हमारे विकासवादी इतिहास का वह हिस्सा है जिसने हमें आज तक जीवित रखा है. अतः अगली बार जब अंधेरे में आपकी रूह कांपे, तो याद रखिएगा कि यह आपके भीतर मौजूद लाखों साल पुराने उसी 'सर्वाइवल सर्किट' की आवाज है, जो आपकी रक्षा करना चाहता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
शेयर बाजार
खबर खास

नवंबर में विदेशी निवेशकों का 'यू-टर्न', भारतीय बाजार में झोंके ₹84,290 करोड़

6 घंटे पहले

AI Generated Photo
खबर खास

टाइट अंडरवियर से पुरुषों की सेक्सुअल हेल्थ और स्पर्म क्वालिटी को खतरा, नई स्टडी का खुलासा

20 घंटे पहले

AI Generated Photo
खबर खास

तेलंगाना में गिग वर्कर्स के लिए बीमा एवं हर ट्रांजेक्शन पर 1% सामाजिक सुरक्षा योगदान- राहुल गांधी

एक दिन पहले

रामलीला मैदान-दिल्ली
खबर खास

दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन के नए नियम का मसौदा: 50 हजार की भीड़ और 7 घंटे की समय सीमा

एक दिन पहले

TB
खबर खास

WHO: भारत ने TB से होने वाली मौतों में 38% की ऐतिहासिक गिरावट, वैश्विक औसत को पछाड़ा

2 दिन पहले

Microsoft
खबर खास

इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़े दबाव से चरमराई माइक्रोसॉफ्ट सेवाएं, आंशिक बहाली, एशिया में संकट बरकरार

2 दिन पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP