अब दिनदहाड़े पुलिसकर्मी की बाइक चोरी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी, में चोरों के हौसले दिन-ब-दिन बुलंद होते जा रहे हैं. अब चोर न केवल रात के अंधेरे में, बल्कि दिन के उजाले में भी वारदात को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव का है, जहां एक पुलिसकर्मी की बाइक को चोरों ने दिनदहाड़े चुरा लिया.
जानकारी के अनुसार, मरीन ड्राइव पर खड़ी एक पुलिसकर्मी की बाइक को चोरों ने निशाना बनाया. घटना के समय बाइक मालिक पास में ही मौजूद था, लेकिन चोरों ने चतुराई से बाइक को चुराकर फरार होने में कामयाबी हासिल की. पीड़ित पुलिसकर्मी ने तुरंत तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
यह कोई पहला मामला नहीं है जब चोरों ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाया हो. इससे पहले पचपेड़ी नाका के ट्रैफिक थाने के सामने से भी एक पुलिसकर्मी की बाइक चोरी हो चुकी है, जिसका अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है.
शहर के अन्य इलाकों जैसे टिकरापारा, पुरानी बस्ती, और आसपास के क्षेत्रों से भी चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. चोर नकदी, जेवरात, और इलेक्ट्रॉनिक सामान को अपना निशाना बना रहे हैं.
तेलीबांधा पुलिस ने इस मामले में जांच तेज कर दी है. सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. हालांकि, बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है. लोग पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने और चोरों पर नकेल कसने की मांग कर रहे हैं.
रायपुर पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें और चोरी से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतें.