छत्तीसगढ़ की मूसलाधार बारिश से गढ़चिरौली में बाढ़
रायपुर । संवाददाता: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में हो रही भारी बारिश के कारण भीषण बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं, जिसके चलते भामरागढ़ इलाके से लगभग 525 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और स्थानीय अधिकारियों ने बृहस्पतिवार दोपहर से शुरू हुआ यह बचाव अभियान देर रात तक चलाया.
इस दौरान बीनागुंडा आश्रम शाला की एक बीमार छात्रा को भी उफनते गुंडेनूर नाले को पार कराकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया.
हालाँकि अब जलस्तर धीरे-धीरे घटने से स्थिति में थोड़ा सुधार आया है, फिर भी प्रशासन ने नदी तटों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले रास्तों से न गुजरने की सख्त हिदायत दी है.
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों से जारी अनवरत बारिश ने रायपुर और दुर्ग जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है.
खारून नदी के उफान पर होने से महादेव घाट के जरिए रायपुर को पाटन और दुर्ग से जोड़ने वाला मार्ग पूरी तरह डूब गया है, जिससे आवाजाही ठप हो गई है.
दुर्ग जिले के अमलेश्वर और खुदमुड़ा जैसे कई गांवों में पानी सड़कों और घरों में घुस चुका है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में क्षेत्र में घने बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जिसे देखते हुए निचले इलाकों में अलर्ट जारी रखा गया है.