सुबह से झमाझम बारिश, किसानों में खुशी
झमाझम बारिश होने से किसानों में खुशी का माहौल
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में गुरुवार सुबह झमाझम बारिश हुई. रायपुर और दुर्ग सहित आसपास के क्षेत्रों में बुधवार रात से सुबह तक तेज बारिश हुई.
हालांकि दोपहर तक बारिश का दौर थम गया, लेकिन अभी भी मौसम बना हुआ है. आसमान में काले बादल मंडरा रहे हैं.
मौसम विभाग ने आने वाले 4-5 दिनों तक प्रदेश में बारिश का यह सिलसिला जारी रहने की चेतावनी दी है.
साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों के लिए बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. बारिश होने से किसानों में खुशी का माहौल है.
मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग के जिलों में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई है.
इस क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले पहले से उफान पर हैं.
जशपुर, अंबिकापुर और बलरामपुर जैसे इलाकों में भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो सकता है. लोगों को निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है.
मानसून ने पकड़ी रफ्तार
छत्तीसगढ़ में 25 जून से मानसून ने रफ्तार पकड़ी है. प्रदेश में पिछले 24 घंटों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है.
इस दौरान जांजगीर-चांपा में 82.2 मिमी, जशपुर में 58.6 मिमी, बीजापुर में 58.2 मिमी, कोरबा में 48.3 मिमी और कांकेर में 47.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है. जो अन्य जिलों से काफी ज्यादा है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आज यानी 26 जून से राजधानी रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर संभागों में मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है.
खासकर राजधानी रायपुर में अगले कुछ दिनों तक लगातार वर्षा का पूर्वानुमान जताया है.
किसानों के चेहरे खिले
काफी दिनों से बारिश का इंतजार करते बैठे किसानों के चेहरे गुरुवार सुबह हुई झमाझम बारिश से खिल उठे हैं.
पिछले पखवाड़े भर से बारिश नहीं होने से किसान मायूस हो गए थे. खरीफ फसलों की बुआई का काम प्रभावित हो रहा था.
वहीं धान की बुआई कर चुके किसानों को फसल बर्बाद होने की चिंता सताने लगी थी. गुरुवार को जैसे ही तेज बारिश हुई किसानों में उत्साह छा गया.
किसानों का कहना है कि धान की बुआई कर चुके किसानों के लिए यह पानी अमृत है.
बुआई के बाद से खेतों में पानी ही नहीं पड़ा था. अब खेत अच्छे से भीग गए हैं. जो कि फसल के उगने में सहायक होगा. साथ ही बुआई के कार्यों में तेजी आएगी.