SC में तुषार मेहता की 'नक्सली' टिप्पणी पर तीखी बहस, माफी से किया इनकार
नई दिल्ली । डेस्क: सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को 'वंदे मातरम' से जुड़े कानून में संशोधन और दंडात्मक प्रावधानों को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान उस समय तीखी बहस छिड़ गई, जब सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने 'नक्सली' शब्द का इस्तेमाल किया. कर्नाटक संगीत के जाने-माने गायक टीएम कृष्णा की याचिका पर बहस के दौरान यह विवाद पैदा हुआ. टीएम कृष्णा की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एस मुरलीधर पेश हुए थे.
जब मुरलीधर ने अदालत में तर्क दिया कि संसद में कानून बनाते समय पर्याप्त सार्वजनिक चर्चा और राष्ट्रीय सहमति नहीं बनाई गई और यह प्रक्रिया 'ऊपर से थोपने' (टॉप-डाउन) जैसी थी, तो सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि कानून निर्माण संविधान के अनुसार होता है, न कि नक्सलियों के विचारों के आधार पर.
इस टिप्पणी पर वरिष्ठ अधिवक्ता मुरलीधर ने कड़ा ऐतराज जताया और इसे कानून अधिकारी की गरिमा के खिलाफ बताते हुए तुरंत वापस लेने की मांग की. हालांकि, सॉलिसिटर जनरल ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए टिप्पणी वापस लेने या खेद जताने से साफ इनकार कर दिया.
मेहता ने तर्क दिया कि वह किसी व्यक्ति पर टिप्पणी नहीं कर रहे थे, बल्कि उस विचारधारा और प्रक्रिया पर बात कर रहे थे जो संवैधानिक तरीकों को नहीं मानती.
मुख्य न्यायाधीश सूर्या कांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी मोहना की पीठ ने स्थिति को संभालते हुए स्पष्ट किया कि अदालत का ध्यान केवल संवैधानिक प्रश्नों की व्याख्या तक ही सीमित है.
पीठ ने कहा कि अदालत इन टिप्पणियों का संज्ञान नहीं ले रही है. न्यायमूर्ति बागची ने यह भी रेखांकित किया कि यदि किसी पर कोई आरोप या ठप्पा भी लगा हो, तब भी उसके संवैधानिक अधिकार खत्म नहीं होते और हर नागरिक को निष्पक्ष सुनवाई का अधिकार है.
मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. अदालत ने सरकार को निर्देश दिया कि वह जवाब दाखिल करते समय 1986 के उस ऐतिहासिक फैसले को ध्यान में रखे, जिसने बच्चों को राष्ट्रगान न गाने पर दंडात्मक कार्रवाई से संरक्षण प्रदान किया था.