फरवरी में मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी
छत्तीसगढ़ में फरवरी में मार्च-अप्रैल जैसी गर्मी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में गर्मी ने इस बार फरवरी महीने के पहले ही सप्ताह में रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को गर्मी ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.
आमतौर पर फरवरी के शुरूआती दिनों में इतना अधिकतम तापमान कभी नहीं रहा है.
फरवरी के अंतिम सप्ताह में जरूर इतना तापमान दर्ज किया जाता रहा है.
सोमवार को प्रदेश का तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया. दंतेवाड़ा में तो तापमान 36.4 डिग्री दर्ज किया गया है.
छत्तीसगढ़ में बीते एक सप्ताह से लगातार तापमान बढ़ता जा रहा है. यही स्थिति प्रदेश के लगभग सभी जिलों में है.
इस बार तो फरवरी माह में ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. सुबह से ही तेज धूप का असर दिख रहा है. दोपहर में तो धूप चुभने लगी है.
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत से ठंडी हवा का आना लगभग बंद हो गया है, जिसके चलते तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है.
यही स्थिति रही तो आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो जाएगी. इस बार तो अप्रैल और मई के महीने में बहुत ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है.
रायपुर में पारा 35.1 डिग्री
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सोमवार को राजधानी रायपुर का पारा 35.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक रहा.
वहीं न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री दर्ज किया गया है. इसी प्रकार मंगलवार को रायपुर में तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है.
सोमवार को राजधानी रायपुर से लगे जिलों में भी गर्मी का असर देखा गया. जिसमें दुर्ग में 34 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है.
वहीं बिलासपुर में 33 डिग्री, जगदलपुर में 35 डिग्री, कोरिया में 31 डिग्री, बलरामपुर में 30 डिग्री और जीपीएम में तापमान 31 डिग्री रहा.
पिछले 10 सालों में फरवरी का रिकॉर्ड
मौसम विभाग के मुताबिक पिछले दस सालों में 20 फरवरी के बाद ही पारा 35 डिग्री के आस-पास पहुंचा है.
पिछले साल 20 फरवरी 2024 को तापमान 34.4 डिग्री दर्ज किया गया था.
इससे पहले साल 2023 में 22 और 23 फरवरी को पारा 36.2 डिग्री तक पहुंचा था. वहीं साल 2022 में 34.4 डिग्री तापमान 27 फरवरी को रिकार्ड किया गया था.
इसी तरह साल 2021 में 28 फरवरी को 36.2 डिग्री, साल 2020 को 22 फरवरी को 32.5 डिग्री, साल 2019 में 25 फरवरी को 34.8 डिग्री तक पहुंचा था.
इससे पहले साल 2018 में 25 और 26 फरवरी को तापमान 35.7 डिग्री और साल 2017 में 22 फरवरी को 35.7 डिग्री तक पहुंचा था.
वहीं साल 2016 में 21 फरवरी को सबसे ज्यादा 37.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था.
फरवरी माह में यह सबसे अधिकतम तापमान है. इससे पहले साल 2025 में 26 फरवरी को 35.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था.