मलेरिया का नया टीका भारत में जल्द
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) मलेरिया के खिलाफ एक नये और प्रभावी टीके के विकास में जुटा है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना में राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान (NIMR) भी सहयोग कर रहा है. विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा अनुमोदित मलेरिया टीके कई देशों में उपलब्ध हैं, लेकिन भारत में अभी तक ये टीके बाजार में नहीं आये हैं. अब ICMR स्वदेशी स्तर पर एक ऐसा टीका विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है, जो मलेरिया के परजीवी को जड़ से खत्म कर सके.
पिछले कुछ प्रयासों में मलेरिया के टीके बनाये गये थे, लेकिन वे अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाए. WHO ने दावा किया था कि मलेरिया का टीका इस बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित करेगा, पर यह दावा हकीकत में पूरी तरह सच नहीं हुआ. विशेष रूप से प्लास्मोडियम फाल्सीपेरम, जो मलेरिया का सबसे घातक रूप है, इसे नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण रहा है. लेकिन अब भारतीय वैज्ञानिक एक नये टीके, जिसे ‘एडफाल्सीवैक्स’ नाम दिया गया है, के विकास में जुटे हैं. ICMR के शोधकर्ताओं का दावा है कि यह टीका मलेरिया के परजीवी को पूरी तरह नष्ट करने में सक्षम होगा.
मलेरिया का वैश्विक और राष्ट्रीय प्रभाव
विश्व भर में हर साल मलेरिया के कारण लगभग चार लाख से अधिक लोगों की मृत्यु होती है. खास तौर पर अफ्रीका में यह बीमारी महामारी का रूप ले चुकी है, जहां बच्चों की मृत्यु दर चिंताजनक स्तर पर है. भारत में भी मलेरिया का प्रकोप कम नहीं है, खासकर बरसात के मौसम में. पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों के कई जिलों में मलेरिया का खतरा बढ़ जाता है.
मलेरिया मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है. मच्छर की लार के माध्यम से मलेरिया का परजीवी मानव शरीर में प्रवेश करता है. मलेरिया के चार मुख्य परजीवी हैं, प्लास्मोडियम विवैक्स, प्लास्मोडियम फाल्सीपेरम, प्लास्मोडियम ओवाले और प्लास्मोडियम मलेरिए. इनमें से प्लास्मोडियम फाल्सीपेरम सबसे खतरनाक है, जो मैलिग्नेंट मलेरिया का कारण बनता है. यह बीमारी किसी भी मौसम में हो सकती है, लेकिन बरसात में इसका खतरा अधिक होता है.
मलेरिया का परजीवी मच्छर की लार के जरिये मानव शरीर में प्रवेश करता है और रक्तप्रवाह के माध्यम से यकृत तक पहुंचता है. वहां यह अपनी संख्या बढ़ाता है और लाल रक्त कोशिकाओं पर हमला करता है. परजीवी लाल रक्त कोशिकाओं के भीतर अपना जीवनचक्र शुरू करता है, जिससे उनकी दीवारें फट जाती हैं और परजीवी रक्त में फैल जाता है. ICMR के शोधकर्ताओं का दावा है कि नया टीका इस पूरे जीवनचक्र को बाधित करेगा, जिससे मलेरिया का प्रकोप काफी हद तक कम हो जायेगा.
‘एडफाल्सीवैक्स’ के विकास के साथ भारतीय वैज्ञानिक मलेरिया के खिलाफ एक बड़ी जीत की उम्मीद कर रहे हैं. यदि यह टीका सफल होता है, तो न केवल भारत बल्कि विश्व स्तर पर मलेरिया के खिलाफ लड़ाई में एक नया अध्याय जुड़ सकता है. शोध अभी प्रारंभिक चरण में है, लेकिन इसके परिणाम उत्साहजनक हैं.