कोरोना की पूरी दवाई सप्लाई न कर पाने पर सिप्ला को ब्लैकलिस्ट से राहत- HC
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने देश की जानी-मानी फार्मास्युटिकल कंपनी सिप्ला लिमिटेड को बड़ी राहत देते हुए छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (CGMSCL) द्वारा जारी ब्लैकलिस्टिंग और सुरक्षा राशि (सिक्योरिटी डिपॉजिट) जब्त करने के आदेश को खारिज कर दिया है. हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने अपने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि सरकारी अनुबंधों में शामिल शर्तों और तकनीकी शब्दों का फायदा उठाकर कोई भी सरकारी एजेंसी किसी भी कंपनी पर मनमाने ढंग से दबाव नहीं बना सकती है.
अदालत ने कहा कि महामारी जैसे अभूतपूर्व संकट के दौरान आपूर्ति में आई व्यावहारिक दिक्कतों को नजरअंदाज कर सीधे ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई पूरी तरह से अनुचित, दमनकारी और भारत के संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत दी गई समानता और निष्पक्षता की गारंटी का खुला उल्लंघन है.
यह ऐतिहासिक फैसला छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की खंडपीठ ने सिप्ला द्वारा दायर एक रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए सुनाया. अदालत ने कहा कि निविदा में शामिल 'सांकेतिक मात्रा' (इंडिकेटिव क्वांटिटी) जैसे शब्दों का मतलब यह कतई नहीं है कि सरकारी खरीद एजेंसी मांग को अचानक कई गुना बढ़ा दे और फिर विपरीत परिस्थितियों में उसकी पूर्ति न होने पर आपूर्ति कर्ता को दंडित करे.
इस पूरे मामले की पृष्ठभूमि साल 2021 की है, जब भारत कोरोना वायरस की दूसरी लहर के भीषण संकट से जूझ रहा था. उस दौरान छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड ने 26 मार्च 2021 को रेमडेसिविर इंजेक्शन की आपूर्ति के लिए एक ई-टेंडर जारी किया था. इस निविदा में अनुमानित या सांकेतिक मांग महज 5000 वॉयल्स (शीशियों) की रखी गई थी.
सिप्ला ने इस टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लिया और अनुबंध पर हस्ताक्षर किए. लेकिन अनुबंध होने के कुछ ही दिनों के भीतर, मेडिकल कॉरपोरेशन ने रातों-रात अपनी मांग को अप्रत्याशित रूप से बढ़ा दिया और 5000 की जगह 60,000 से अधिक इंजेक्शन की आपूर्ति के कई क्रय आदेश जारी कर दिए.
अचानक आई इस भारी मांग के बावजूद सिप्ला ने अपनी क्षमता के अनुसार पहले ऑर्डर की पूरी खेप और दूसरे ऑर्डर की आंशिक मात्रा की आपूर्ति कर दी. लेकिन महामारी के चरम पर होने के कारण देश भर में कच्चे माल की भारी किल्लत, देशव्यापी लॉकडाउन से बाधित हुई आपूर्ति श्रृंखला, विनिर्माण क्षमता में आई कमी और सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि रेमडेसिविर के वितरण पर केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए कड़े नियंत्रण और आवंटन निर्देशों के कारण कंपनी शेष ऑर्डर को समय पर पूरा नहीं कर सकी.
सिप्ला ने इन सभी असाधारण वैश्विक और राष्ट्रीय परिस्थितियों के बारे में लगातार छत्तीसगढ़ मेडिकल कॉरपोरेशन को पत्र लिखकर अवगत कराया था.
इसके बावजूद, मेडिकल कॉरपोरेशन ने संवेदनशीलता और निष्पक्षता दिखाने के बजाय सिप्ला को एक कारण बताओ नोटिस जारी किया और बाद में कंपनी के उत्पादों को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया. साथ ही उसकी जमा सुरक्षा राशि भी जब्त कर ली. सिप्ला द्वारा इसके खिलाफ दिए गए प्रतिवेदन को भी कॉरपोरेशन ने खारिज कर दिया, जिसके बाद मजबूरन कंपनी को हाई कोर्ट की शरण लेनी पड़ी.
हाई कोर्ट ने इस मामले के सभी कानूनी और व्यावहारिक पहलुओं का गहन विश्लेषण करने के बाद कहा कि जब देश एक बड़े स्वास्थ्य आपातकाल से गुजर रहा था, तब मांग को अचानक कई गुना बढ़ा देना और फिर आपूर्ति न होने पर प्रशासनिक चाबुक चलाना न्यायसंगत नहीं है.
अदालत ने माना कि सिप्ला का यह डिफॉल्ट जानबूझकर या किसी दुर्भावना से प्रेरित नहीं था, बल्कि यह पूरी तरह से उसके नियंत्रण से बाहर की परिस्थितियों के कारण हुआ था. सरकारी निगम को निर्णय लेते समय यह देखना चाहिए था कि क्या कंपनी ने कोई धोखाधड़ी की या कोई घटिया उत्पाद दिया.
चूंकि ऐसा कोई आरोप नहीं था, इसलिए तीन साल का प्रतिबंध लगाना पूरी तरह से असंगत और अत्यधिक था. अदालत ने आनुपातिकता के सिद्धांत (डॉक्ट्रिन ऑफ प्रोपोर्शनैलिटी) का हवाला देते हुए कॉरपोरेशन के आदेश को पूरी तरह अवैध करार दिया और इसे पूरी तरह निरस्त कर दिया.