HC: 22 साल बाद दंपती को मिली IVF के जरिए माता-पिता बनने की मंजूरी
बिलासपुर । संवाददाता: संतान की चाह में दो दशकों से अधिक समय से संघर्ष कर रहे एक दंपती के लिए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की ओर से राहत भरी खबर आई है. अदालत ने मनेंद्रगढ़ निवासी 47 वर्षीया महिला को सहायक प्रजनन तकनीक (आईवीएफ) के जरिए इलाज कराने की अनुमति दे दी है.
इससे पहले प्रशासनिक अधिकारियों ने महिला के 57 वर्षीय पति की उम्र कानून में तय 55 वर्ष की सीमा से अधिक होने का हवाला देते हुए इलाज की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, जिसे हाई कोर्ट ने पूरी तरह खारिज कर दिया.
जस्टिस अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकल पीठ ने इस मामले पर सुनवाई करते हुए महत्वपूर्ण कानूनी व्यवस्था दी. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि कानून में महिला (50 वर्ष) और पुरुष (55 वर्ष) के लिए अधिकतम आयु की सीमाएं अलग-अलग तय की गई हैं.
विधायिका ने कहीं भी पति-पत्नी की 'संयुक्त आयु' को पात्रता का मापदंड नहीं बनाया है. ऐसे में कानून में दर्ज न होने वाली किसी नई शर्त को जोड़कर किसी महिला को मां बनने के प्राकृतिक अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता.
मामले के पृष्ठभूमियों पर नजर डालें तो मनेंद्रगढ़ के सिविल लाइंस निवासी प्रदीप कुमार तिवारी और उनकी पत्नी अर्चना तिवारी बीते 22 वर्षों से माता-पिता बनने की उम्मीद लगाए हुए हैं. इससे पहले वर्ष 2013 में आईयूआई उपचार और 2015 में गर्भपात के दर्दनाक दौर से गुजरने के बाद भी दंपती ने हार नहीं मानी.
रायपुर के आयुष टेस्ट ट्यूब सेंटर में चिकित्सीय जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आईवीएफ के लिए उपयुक्त पाया था. हालांकि, 31 जुलाई 2026 को सक्षम प्राधिकारी ने केवल पति की अधिक उम्र को आधार बनाकर आवेदन निरस्त कर दिया था.
अदालत ने अपने आदेश में संविधान के अनुच्छेद 21 का उल्लेख करते हुए कहा कि संतान प्राप्ति और प्रजनन से जुड़े फैसले किसी भी नागरिक की व्यक्तिगत आजादी और निजता का अभिन्न हिस्सा हैं. कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि आईवीएफ प्रक्रिया के दौरान महिला की उम्र 50 वर्ष पार भी हो जाती है, तो शुरू हो चुके इलाज को केवल उम्र के आधार पर बीच में नहीं रोका जाएगा.
इसके साथ ही, इलाज करने वाले अस्पताल को संरक्षण देते हुए पीठ ने कहा कि चिकित्सीय व कानूनी नियमों के तहत उपचार करने पर अस्पताल के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी.
गौरतलब है कि आईवीएफ यानी इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (In Vitro Fertilization) एक प्रमुख सहायक प्रजनन तकनीक (ART) है, जिसका उपयोग निसंतान दंपतियों को माता-पिता बनने में मदद करने के लिए किया जाता है.
इस प्रक्रिया में महिला के अंडाशय से परिपक्व अंडों को निकालकर प्रयोगशाला में पुरुष के शुक्राणुओं के साथ निषेचित (फर्टिलाइज) कराया जाता है. इसके बाद जब भ्रूण (एम्ब्रियो) तैयार हो जाता है, तो उसे महिला के गर्भाशय में प्रत्यारोपित कर दिया जाता है.
मुख्य रूप से यह तकनीक उन मामलों में बेहद कारगर साबित होती है जहां फलोपियन ट्यूब में रुकावट, बांझपन, बढ़ती उम्र या अन्य चिकित्सीय कारणों से प्राकृतिक रूप से गर्भधारण करने में समस्याएं आ रही हों.
आईवीएफ (In Vitro Fertilization) को ही आम भाषा में 'टेस्ट ट्यूब बेबी' कहा जाता है.
प्राकृतिक प्रक्रिया में महिला के शरीर के भीतर फलोपियन ट्यूब में निषेचन (फर्टिलाइजेशन) होता है, जबकि इस तकनीक में यह प्रक्रिया लैब में कांच की डिश या ट्यूब में की जाती है. इसी कारण से इसे बोलचाल की भाषा में टेस्ट ट्यूब बेबी कहा जाता है.