बुध, 11 नव. 2026

CGKhabar

ट्रेनिंग से नदारद BSF जवानों की बर्खास्तगी पर HC की मुहर

C

CG Khabar

26 अग. 2026, 01:12 AM 2 मिनट में पढ़ें 18

BSF
BSF

बिलासपुर । संवाददाता: सीमा सुरक्षा बल के ट्रेनिंग कैंप से बिना किसी पूर्व सूचना के लंबे समय तक गायब रहने वाले तीन कांस्टेबलों को बड़ा झटका लगा है. छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने विभाग द्वारा उन्हें सेवा से हटाए जाने के फैसले को पूरी तरह से वैध ठहराया है. अदालत ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा बलों में अनुशासन से समझौता नहीं किया जा सकता और कोई भी जवान अपनी मर्जी से ड्यूटी से नदारद नहीं रह सकता.


जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की एकल पीठ ने बर्खास्तगी के खिलाफ दायर याचिकाओं को खारिज करते हुए यह महत्वपूर्ण आदेश दिया. अदालत ने कानूनी पक्षों पर विचार करते हुए टिप्पणी की कि तीनों कर्मचारी अस्थायी श्रेणी में आते थे और उनकी तीन साल की सेवा पूरी नहीं हुई थी. 

विज्ञापन


ऐसे में 1960 के सेवा नियमों के तहत विभाग एक महीने का नोटिस देकर अस्थायी कर्मचारियों को सेवा से मुक्त कर सकता है और इसके लिए विस्तृत विभागीय जांच की बाध्यता नहीं होती.


यह मामला वर्ष 2008-09 में नियुक्त कांस्टेबल त्रिलोक चंद साहू, तीरथ दास बर्मन और लक्ष्मीनारायण पटेल से जुड़ा है. जून 2009 में जब इन तीनों को महाराष्ट्र के चाकुर स्थित BSF स्पेशल ट्रेनिंग सेंटर में बेसिक ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था, तब वे प्रशिक्षण अधूरा छोड़कर बिना अनुमति कैंप से चले गए. 


त्रिलोक चंद और तीरथ दास लगभग 47-47 दिनों तक गायब रहे, जबकि लक्ष्मीनारायण पूरे 70 दिनों बाद लौटे.


इस गंभीर लापरवाही और अनधिकृत अनुपस्थिति को देखते हुए सीमा सुरक्षा बल ने वर्ष 2010 में नियमानुसार एक महीने का नोटिस देकर तीनों को बर्खास्त कर दिया था. इसके खिलाफ दायर विभागीय अपील और दया याचिकाएं पहले ही खारिज हो चुकी थीं. 


इसके बाद याचिकाकर्ताओं ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए और चिकित्सा दस्तावेज प्रस्तुत कर हाईकोर्ट की शरण ली थी. हालांकि, अदालत ने विभाग की इस दलील को सही माना कि प्रशिक्षण के दौरान इतनी लंबी अनधिकृत अनुपस्थिति अनुशासनहीनता की गंभीर श्रेणी में आती है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP