अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच मुस्लिमों के खिलाफ बढ़ी नफरत
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिका और इजरायल के ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच एक नई रिपोर्ट ने इंटरनेट की दुनिया का डरावना चेहरा सामने रखा है. 'सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ ऑर्गनाइज्ड हेट' (CSOH) की एक स्टडी के मुताबिक, जब से यह युद्ध शुरू हुआ है, तब से सोशल मीडिया पर अमेरिकी मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाने वाली बातें बहुत तेजी से बढ़ी हैं.
रिपोर्ट बताती है कि 28 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से सिर्फ 'एक्स' पर ही 25,300 से ज्यादा ऐसी बातें लिखी गईं जो मुस्लिमों के प्रति नफरत से भरी थीं. अगर इन पोस्ट को शेयर करने और लोगों तक पहुंचने के हिसाब से देखें, तो यह संख्या 2 लाख 79 हजार के भी पार चली जाती है.
इस रिपोर्ट में सबसे ज्यादा चिंता इस बात पर जताई गई है कि मुस्लिमों के लिए बहुत ही आपत्तिजनक और अमानवीय शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है.
लोगों ने सोशल मीडिया पर उन्हें "कीड़े", "चूहे" और "परजीवी" जैसे शब्दों से संबोधित करना शुरू कर दिया है.
जानकारों का कहना है कि इतिहास में जब भी किसी समुदाय के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल हुआ है, तो उसके बाद अक्सर बड़े पैमाने पर हिंसा देखने को मिली है.
हैरानी की बात यह है कि जब ऐसी नफरत भरी पोस्ट की शिकायत की गई, तब भी प्लेटफॉर्म ने उनमें से ज्यादातर को नहीं हटाया और वे अब भी इंटरनेट पर मौजूद हैं.
इतना ही नहीं, अमेरिका की सेना के भीतर से भी ऐसी शिकायतें आई हैं कि कुछ सैन्य अधिकारी इस युद्ध को "ईश्वर की मर्जी" बता रहे हैं, जिससे वहां काम करने वाले मुस्लिम सैनिकों में डर का माहौल है.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि कुछ बड़े नेताओं के बयानों ने इस नफरत की आग में घी डालने का काम किया है.
रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के बयानों का हवाला देते हुए बताया गया है कि कैसे राजनीतिक बातों को आधार बनाकर लोग अब खुलकर मुस्लिमों को खत्म करने जैसी हिंसक धमकियां दे रहे हैं. इसे "देशभक्ति" का नाम देकर सही ठहराने की कोशिश की जा रही है, जिससे समाज में भेदभाव और हमले बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है.