क्या ट्रंप प्रशासन को इजरायल द्वारा 'मोहरा' बनाया गया है?- ईरानी राष्ट्रपति
तेहरान । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान संकट पर राष्ट्र को संबोधित करने और "महत्वपूर्ण अपडेट" साझा करने से ठीक पहले, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने अमेरिकी जनता के नाम एक खुला पत्र जारी कर सनसनी मचा दी है. ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर प्रेस टीवी के माध्यम से साझा किए गए इस पत्र में पेजेशकियन ने सीधे तौर पर सवाल उठाया है कि क्या अमेरिका, इजरायल के हाथों की कठपुतली बनकर इस युद्ध में उलझ गया है.
उन्होंने अमेरिकी नागरिकों से पूछा है कि क्या ट्रंप प्रशासन को उनके शीर्ष मध्य पूर्व सहयोगी (इजरायल) द्वारा "मैनिपुलेट" यानी प्रभावित कर इस विनाशकारी संघर्ष में धकेला गया है.
राष्ट्रपति पेजेशकियन ने अपने पत्र में इजरायली प्रभाव पर कड़ा प्रहार करते हुए पूछा, "क्या यह सच नहीं है कि अमेरिका इस आक्रामकता में इजरायल के एक 'प्रॉक्सी' (मोहरे) के रूप में उतरा है?" उन्होंने तर्क दिया कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू दशकों से अमेरिका को ईरान के साथ युद्ध के लिए उकसा रहे हैं ताकि कूटनीति की हर कोशिश को नाकाम किया जा सके.
ईरानी राष्ट्रपति ने अमेरिकी करदाताओं को आगाह करते हुए सवाल किया कि क्या इजरायल "अंतिम अमेरिकी सैनिक और अंतिम अमेरिकी करदाता डॉलर" तक ईरान से लड़ना चाहता है ताकि वह अपने स्वयं के अवैध हितों को साध सके और फिलिस्तीनियों के खिलाफ किए जा रहे अपने कृत्यों से दुनिया का ध्यान भटका सके.
इस पत्र के माध्यम से पेजेशकियन ने डोनाल्ड ट्रंप की 'अमेरिका फर्स्ट' नीति पर भी तंज कसा. उन्होंने पूछा कि निर्दोष बच्चों का कत्लेआम और ईरान की बुनियादी सुविधाओं जैसे कैंसर अस्पतालों और ऊर्जा केंद्रों को नष्ट करना किस तरह से अमेरिकी जनता के हितों की रक्षा करता है?
उन्होंने कहा कि किसी देश को 'पत्थर युग' में भेजने की धमकी देना वैश्विक मंच पर अमेरिका की छवि को केवल नुकसान पहुंचाता है. पेजेशकियन ने स्पष्ट किया कि ईरान का अमेरिकी लोगों से कोई बैर नहीं है, लेकिन इजरायल के प्रभाव में आकर की गई यह सैन्य कार्रवाई "रणनीतिक घबराहट" का संकेत है.
यह पत्र तब सामने आया है जब राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में ईरान को पूरी तरह नेस्तनाबूद करने की धमकी दी है और दावा किया है कि ईरानी राष्ट्रपति ने युद्धविराम की गुहार लगाई है, जिसे तेहरान ने सिरे से खारिज कर दिया है.
पेजेशकियन ने दोहराया कि ईरान पर तब हमले किए गए जब वह परमाणु वार्ता में शामिल था, जो यह दर्शाता है कि ईरान खतरा नहीं है, बल्कि उसे जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है. अब पूरी दुनिया की नजरें वाशिंगटन में होने वाले ट्रंप के संबोधन पर टिकी हैं, जबकि ईरान ने इस पत्र के जरिए अमेरिकी जनता के बीच 'नैरेटिव' की एक नई जंग छेड़ दी है.