हरेली संस्कृति और प्रकृति से जुड़ाव का उत्सव– साय
रायपुर | संवाददाताः हरेली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि हरेली पर्व छत्तीसगढ़ की जीवनशैली, मेहनतकश किसानों की आस्था और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है. हमारी सरकार किसानों के कल्याण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था के उत्थान और पारंपरिक मूल्यों को संरक्षित रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है.
उन्होंने कहा कि बच्चों में गेड़ी जैसी पारंपरिक विधाओं के प्रति आकर्षण बनाए रखना हमारी सांस्कृतिक विरासत की रक्षा है. हमें चाहिए कि हम ऐसे पर्वों के माध्यम से अपनी नई पीढ़ी को भी छत्तीसगढ़ी संस्कृति से जोड़ें.
छत्तीसगढ़ में गुरुवार को हरेली का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया. सीएम विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया.
इसी तरह डिप्टी सीएम अरुण साव और मंत्री टंकराम वर्मा के आवास पर भी हरेली पर्व की रौनक देखने को मिली.
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने भी अपने रायपुर स्थित निवास पर हरेली पर्व का आयोजन किया. भूपेश बघेल पूरी तरह पारंपरिक पोशाक में थे और गेड़ी भी चढ़े.
हरेली खेत-खलिहान और गोधन की पूजा का पर्व- रमन
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के निवास में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि हरेली पर्व किसान, खेत-खलिहान और गोधन की पूजा का पर्व है. मान्यता है कि आज के दिन शिव-पार्वती स्वयं भू-लोक में आकर किसानों की खेती-किसानी को देखने आते हैं. हरेली से ही छत्तीसगढ़ में त्योहारों की श्रृंखला की शुरुआत होती है.
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की आत्मा से जुड़ा पर्व है. यह हमारी धरती, परिश्रम और परंपरा के प्रति सम्मान का प्रतीक है. यह पर्व हमारे किसानों की आस्था और प्रकृति के साथ उनके गहरे संबंध को दर्शाता है.
राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि हरेली जैसे पर्व हमें हमारी जड़ों से जोड़ते हैं और कृषि संस्कृति को जीवंत रखने की प्रेरणा देते हैं. इस पर्व में गेड़ी चलाने की प्रतियोगिता बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहती है. साथ ही गोधन को पौष्टिक आहार देकर ग्रामीणजन पशुधन के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हैं.
जिसने मेरे परिवार को जेल भेजा, उसकी सरकार गिरी- भूपेश
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस दौरान कहा कि त्यौहार तो साल में एक बार आता है. चैतन्य रहता तो और अच्छा लगता, लेकिन केवल चैतन्य मेरा बेटा नहीं है. छत्तीसगढ़ की पूरी जनता मेरा परिवार है.
उन्होंने केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस दिन उन्होंने अडानी समूह के खिलाफ आवाज उठाई, उसी दिन उनके परिवार को निशाना बनाया गया. ईडी ने बगैर नोटिस दिए बेटे को जन्मदिन पर उठा लिया. यह केवल मेरे परिवार पर हमला नहीं है, यह छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान और जन आवाज़ को दबाने की कोशिश है.
भूपेश बघेल ने कहा कि मेरे पिता जी को जोगी सरकार ने जेल भेजा, उनकी सरकार गई. मुझे रमन सिंह ने जेल भेजा, उनकी सरकार गई. अब मेरे बेटे को मोदी ने जेल भेजा है. तो निश्चित ही डबल इंजन की सरकार गिर जाएगी. केन्द्र सरकार रणनीतिक ढंग से छत्तीसगढ़ के नेतृत्व को खत्म करने का प्रयास कर रही है.