हल्द्वानी 'शुद्धीकरण' मामला: राहुल गांधी ने की PM से FIR दर्ज कराने की मांग
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित एक रैली मंच पर आयोजित 'शुद्धीकरण' हवन को लेकर राजनीति तेज हो गई है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस घटना को छुआछूत का आधुनिक रूप करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत तुरंत प्राथमिक (FIR) दर्ज कराने की मांग की है.
तीन सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस कार्रवाई न होने पर आपत्ति जताते हुए राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मंचों पर इस तरह के कृत्यों से यह संदेश देने की कोशिश की जाती है कि दलित समाज अस्वच्छ है, जो कि कानूनन गंभीर अपराध है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उत्तराखंड सरकार दोषियों पर कार्रवाई नहीं करती है, तो कांग्रेस इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी और न्याय सुनिश्चित करेगी.
दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि इस अनुष्ठान में कोई भी भाजपा कार्यकर्ता शामिल नहीं था.
भाजपा के अनुसार, यह कदम किसी जाति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि रैली स्थल पर अमर्यादित नारेबाजी और गंदगी फैलाए जाने के विरोध में स्थानीय धार्मिक संगठनों द्वारा उठाया गया था.
वहीं, एनडीए सहयोगी जितन राम मांझी ने घटना की निंदा करते हुए इसे सामाजिक मानसिकता का विषय बताया. फिलहाल, कांग्रेस पार्टी पुलिसिया कार्रवाई का इंतजार कर रही है और कार्रवाई न होने की स्थिति में राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने की तैयारी में है.