चेन्नई में मृत कौवों में मिला 'H5N1' बर्ड फ्लू, तमिलनाडु में हाई अलर्ट
चेन्नई । डेस्क: चेन्नई में मृत कौवों के नमूनों में H5N1 एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) की पुष्टि होने के बाद तमिलनाडु सरकार के जनस्वास्थ्य निदेशालय (DPH) ने राज्य में अलर्ट जारी किया है. स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बर्ड फ्लू मुख्य रूप से पक्षियों के बीच फैलने वाली बीमारी है और इंसानों में इसका संक्रमण अत्यंत दुर्लभ है, हालांकि सावधानी बरतना अनिवार्य है.
जारी परामर्श के अनुसार, पक्षियों के संपर्क में आने वाले लोगों, विशेषकर कसाईखानों में काम करने वाले श्रमिकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं. आम जनता को सलाह दी गई है कि यदि उनमें खांसी, जुकाम, बुखार या सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षण दिखें, तो वे तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें. इसके अतिरिक्त, लोगों से अधपके मांस या अंडों के सेवन से बचने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई है.
एनिमल हसबेंडरी विभाग ने चेन्नई नगर निगम और अन्य स्थानीय निकायों को प्रभावित क्षेत्रों में बायो-सिक्योरिटी मजबूत करने और मृत पक्षियों के सुरक्षित निस्तारण (डीप बरियल) के आदेश दिए हैं. वन विभाग को भी सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी तेज करने को कहा गया है. प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 104 भी जारी किया है.
बर्ड फ्लू, जिसे वैज्ञानिक भाषा में एवियन इन्फ्लूएंजा (Avian Influenza) कहा जाता है, मुख्य रूप से पक्षियों में होने वाला एक अत्यधिक संक्रामक वायरल संक्रमण है. यह वायरस इन्फ्लूएंजा टाइप 'A' परिवार का हिस्सा है.
यह वायरस जंगली पक्षियों (जैसे बत्तख और गीज़) में प्राकृतिक रूप से पाया जाता है, लेकिन यह पालतू मुर्गियों और कौवों के लिए बहुत घातक हो सकता है.
इंसानों में यह संक्रमण सीधे संक्रमित जीवित या मृत पक्षी के संपर्क में आने, उनकी विष्ठा (droppings) या लार के संपर्क में आने से फैलता है. हालांकि यह मुख्य रूप से पक्षियों की बीमारी है, लेकिन इसके कुछ स्ट्रेन जैसे H5N1 और H7N9 इंसानों को संक्रमित कर सकते हैं, जो फेफड़ों के गंभीर संक्रमण (निमोनिया) का कारण बनते हैं.
बर्ड फ्लू इंसानों के लिए दुर्लभ है, लेकिन जब यह होता है, तो इसकी मृत्यु दर काफी अधिक (लगभग 50% से ज्यादा) होती है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, 2003 से लेकर 2024 के शुरुआती महीनों तक के आंकड़े इस प्रकार हैं. दुनिया भर में लगभग 889 पुष्ट मामले सामने आए हैं. इनमें से लगभग 463 लोगों की मौत हुई है. वियतनाम, मिस्र, इंडोनेशिया और चीन में सबसे अधिक मानव मृत्यु के मामले दर्ज किए गए हैं.
भारत के संदर्भ में स्थिति थोड़ी राहत देने वाली है, लेकिन सतर्कता जरूरी है. भारत में अब तक बर्ड फ्लू (H5N1) से इंसानों की मौत के मामले न के बराबर रहे हैं.
जुलाई 2021 में हरियाणा के एक 11 वर्षीय लड़के की दिल्ली एम्स (AIIMS) में H5N1 संक्रमण से मौत हुई थी, जिसे भारत में बर्ड फ्लू से होने वाली पहली पुष्ट मानव मृत्यु माना गया था.
भारत में पक्षियों (विशेषकर मुर्गियों, कौवों और प्रवासियों पक्षियों) में इसके प्रकोप अक्सर देखे जाते हैं, जिसके कारण लाखों पक्षियों को मारना पड़ता है.
इस बर्ड फ्लू से बचाव के लिये पक्षियों के अवशेषों या बीमार पक्षियों को बिना सुरक्षा उपकरणों (Mask/Gloves) के न छुएं. हाथों की स्वच्छता बनाए रखें. चिकन या अंडे को पूरी तरह पकाकर खाएं . 70°C से अधिक तापमान पर वायरस मर जाता है.