मध्य प्रदेश में देहदान पर पुलिस ने दी सलामी
भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश सरकार ने देहदान और अंगदान करने वालों को सम्मान देने की अपनी घोषणा को अमल में लाते हुए ग्वालियर की एक वृद्ध महिला को अंतिम विदाई में गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया. यह पहला मौका है जब राज्य में इस तरह का सम्मान दिया गया.
शनिवार को ग्वालियर के थाटीपुर क्षेत्र में रहने वाली 78 वर्षीय पंचो बाई राजोरिया का निधन हो गया. उनके परिवार ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उनका शरीर गजराराजे मेडिकल कॉलेज, ग्वालियर को चिकित्सा अनुसंधान के लिए दान कर दिया.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की 1 जुलाई को की गई घोषणा के अनुरूप, पंचो बाई को पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा था कि देहदान और अंगदान करने वालों के परिवारों को 26 जनवरी और 15 अगस्त को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा.
इस पहल का उद्देश्य समाज में देहदान और अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.
पंचो बाई के इस नेक कार्य ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे समाज के लिए एक प्रेरणा स्थापित की है.