खाड़ी युद्ध: संकट में विदेश से आने वाला पैसा
नई दिल्ली । डेस्क: ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने न केवल भू-राजनीति को प्रभावित किया है, बल्कि वहां के श्रम बाजारों और लाखों भारतीयों की घरेलू आय पर भी संकट के बादल मंडरा दिए हैं. आर्थिक समीक्षा 2025-26 के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 की पहली छमाही में भारत में 73 बिलियन डॉलर का रेमिटेंस आया, जो पिछले साल की समान अवधि के 64.7 बिलियन डॉलर से अधिक है.
हालांकि, यह बढ़त अब जोखिम में है क्योंकि खाड़ी देशों (GCC) में युद्ध के कारण आर्थिक गतिविधियां सुस्त पड़ने लगी हैं.
भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़े बताते हैं कि भारत को मिलने वाले कुल रेमिटेंस में खाड़ी देशों की हिस्सेदारी लगभग 38 प्रतिशत है, जिसमें से आधा हिस्सा अकेले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से आता है.
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, करीब 89 लाख भारतीय बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में कार्यरत हैं.
जानकारों और अर्थशास्त्रियों का मानना है कि यदि यह संघर्ष लंबा खिंचता है, तो रेमिटेंस में 10 से 30 प्रतिशत तक की भारी गिरावट आ सकती है. विशेष रूप से हॉस्पिटलिटी, रिटेल और कंस्ट्रक्शन सेक्टर में काम करने वाले ब्लू-कॉलर कर्मचारी सबसे अधिक असुरक्षित हैं.
एसबीआई फंड्स मैनेजमेंट और डीबीएस बैंक की रिपोर्टों के अनुसार, खाड़ी देशों में काम करने वाले भारतीयों की आय पर असर पड़ने से भारत का चालू खाता घाटा (CAD) जीडीपी के 2 प्रतिशत तक पहुंच सकता है, जो अब तक 1 प्रतिशत से कम के सुरक्षित स्तर पर रहा है.
जमीनी स्तर पर तनाव के संकेत अब स्पष्ट दिखने लगे हैं. यूएई से आने वाली खबरें बताती हैं कि वहां कंपनियों ने छंटनी, वेतन में कटौती और बिना वेतन के छुट्टी जैसे कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. कुछ कंपनियों में तो वेतन में 50 प्रतिशत तक की कटौती की गई है.
इसके अलावा, पर्यटन और यात्रा क्षेत्र में लेनदेन में 60 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है. अर्थशास्त्रियों का कहना है कि यह केवल रेमिटेंस का संकट नहीं है, बल्कि यह ऊर्जा की कीमतों में उछाल, बढ़ती माल ढुलाई लागत और व्यापार में बाधा का एक चौतरफा प्रहार है.
जहां एक ओर अमेरिका जैसे विकसित देशों से आने वाले रेमिटेंस में टैक्स और टैरिफ की चुनौतियों के कारण कमी आने की आशंका है, वहीं पश्चिम एशिया का युद्ध इस स्थिति को और गंभीर बना रहा है.
हालांकि, भारत के पास 701.4 बिलियन डॉलर का विशाल विदेशी मुद्रा भंडार एक सुरक्षा कवच की तरह मौजूद है, लेकिन जानकारों की चेतावनी है कि बफर केवल झटकों को सह सकते हैं, वे लंबे समय तक होने वाले नुकसान की भरपाई नहीं कर सकते.
आने वाले समय में यदि संघर्ष नहीं थमा, तो भारत को अपनी विकास दर और रुपये की स्थिरता को बनाए रखने के लिए कड़ी मशक्कत राइल युद्द