खाड़ी युद्ध: 25 लाख भारतीय गरीबी की गर्त में जा सकते हैं- UNDP
नई दिल्ली । डेस्क: संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (UNDP) की एक ताजा और चिंताजनक रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव और संघर्ष भारत की अर्थव्यवस्था और सामाजिक प्रगति के लिए बड़ा संकट पैदा कर सकता है. रिपोर्ट 'मिलिट्री एस्केलेशन इन द मिडिल ईस्ट: ह्यूमन डेवलपमेंट इम्पैक्ट्स अक्रॉस एशिया एंड द पैसिफिक' में चेतावनी दी गई है कि इस भू-राजनीतिक अस्थिरता के कारण भारत में लगभग 25 लाख अतिरिक्त लोग गरीबी रेखा के नीचे धकेले जा सकते हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, यदि यह संघर्ष भीषण रूप लेता है और लंबे समय तक खिंचता है, तो भारत में गरीबी की दर 23.9 प्रतिशत से बढ़कर 24.2 प्रतिशत हो सकती है. इसका सीधा असर देश के मानव विकास सूचकांक (HDI) पर भी पड़ेगा, जिसमें लगभग 0.12 वर्षों की गिरावट की आशंका जताई गई है.
भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती उसकी ऊर्जा निर्भरता है, क्योंकि देश अपनी जरूरत का 90 प्रतिशत से अधिक तेल आयात करता है, जिसमें से 40 प्रतिशत कच्चा तेल और 90 प्रतिशत एलपीजी अकेले पश्चिम एशिया से आता है. ईंधन की बढ़ती कीमतों और माल ढुलाई के खर्च में वृद्धि के कारण घरेलू बाजार में महंगाई बढ़ने और परिवारों की क्रय शक्ति घटने का अनुमान है.
कृषि क्षेत्र पर भी इस संकट के गहरे बादल मंडरा रहे हैं. भारत के उर्वरक आयात का 45 प्रतिशत हिस्सा इसी क्षेत्र से आता है. रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि यह व्यवधान जून में शुरू होने वाले खरीफ सीजन तक जारी रहा, तो खाद्य सुरक्षा और फसलों के उत्पादन पर बुरा असर पड़ सकता है.
इसके अलावा, खाड़ी देशों में रहने वाले करीब 94 लाख भारतीय प्रवासी भी इस तनाव की जद में हैं. भारत को मिलने वाले कुल रेमिटेंस (प्रवासी आय) का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा इन्हीं देशों से आता है, जिसमें कमी आने से लाखों परिवारों की आय प्रभावित होगी.
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) विशेषकर रत्न, आभूषण, कपड़ा और इस्पात क्षेत्र में काम करने वाले अनौपचारिक श्रमिकों पर भी बेरोजगारी और वेतन कटौती की तलवार लटक रही है. स्वास्थ्य क्षेत्र में भी दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की कीमतों में 15 से 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होने की आशंका है, जो आम आदमी की जेब पर भारी बोझ डालेगी.