बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

डिजिटल 'हवाला' का बढ़ता जाल: FATF रिपोर्ट

C

CG Khabar

07 सित. 2026, 05:38 PM 4 मिनट में पढ़ें 12

डिजिटल हवाला
डिजिटल हवाला

नई दिल्ली । डेस्क: सदियों पुराने भूमिगत बैंकिंग नेटवर्क यानी 'हवाला' ने अब पूरी तरह से तकनीक का चोला ओढ़ लिया है. फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) की नवीनतम रिपोर्ट में यह चेतावनी दी गई है कि वर्चुअल एसेट्स और अत्याधुनिक तकनीकों के जुड़ने से 'डिजिटल हवाला' का एक खतरनाक नेटवर्क खड़ा हो गया है. इस आधुनिक नेटवर्क का इस्तेमाल सामान्य मनी लॉन्ड्रिंग से लेकर आतंकवादी संगठनों को फंडिंग मुहैया कराने तक के लिए बेहद चालाकी से किया जा रहा है.


छह नए तरीकों से पैर पसार रहा डिजिटल हवाला


FATF की "इन्वेस्टिगेटिंग प्रोफेशनल मनी लॉन्ड्रिंग, अंडरग्राउंड बैंकिंग, एंड द यूज ऑफ हवाला" शीर्षक वाली रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 70 प्रतिशत देशों ने अपने यहां हवाला नेटवर्क में नई तकनीकों के एकीकरण की बात स्वीकार की है. जांच में डिजिटल हवाला के छह प्रमुख रूप सामने आए हैं. इनमें एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स और शेयर्ड लेजर के जरिए समन्वय, मोबाइल वॉलेट्स और फिनटेक ऐप्स के जरिए ग्राहक संपर्क, और स्टेबलकॉइन्स के जरिए वर्चुअल एसेट आधारित सेटलमेंट शामिल हैं. इसके अलावा, पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स और वर्चुअल IBAN का इस्तेमाल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित ट्रांजैक्शन स्ट्रक्चरिंग, और मैसेजिंग, क्लाउड स्टोरेज व क्रिप्टो सर्विसेज को जोड़ने वाले एकीकृत ऐप्स भी इस अवैध नेटवर्क को गति दे रहे हैं.

विज्ञापन


तुर्किये मामले से खुला आतंकी फंडिंग का राज


रिपोर्ट में तुर्किये के एक मामले का विशेष उल्लेख किया गया है, जहां डिजिटल हवाला के जरिए आतंकवादी संगठन आईएसआईएल (ISIL) को आर्थिक मदद दी जा रही थी. वर्ष 2023 में हुई छापेमारी के दौरान करीब 6 लाख डॉलर से अधिक की नकदी, हवाला नोटबुक और डिजिटल ट्रांसफर रसीदें बरामद की गईं. इस पूरे खेल में ज्वैलर्स और मोबाइल शॉप्स को मुखौटे (फ्रंट) की तरह इस्तेमाल किया गया था और इन अवैध ट्रांसफर्स को चैरिटी डोनेशन का नाम दिया गया था. इसके अलावा तुर्किये में ओवर-द-काउंटर ब्रोकर और म्यूल अकाउंट्स का भी बड़ा नेटवर्क पकड़ा गया.


कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सामने नई चुनौतियां


अवैध लेनदेन में डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और क्रिप्टो एसेट्स के इस्तेमाल ने जांच एजेंसियों और फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट्स (FIUs) के लिए नेटवर्क को ट्रैक करना बेहद मुश्किल बना दिया है. FATF ने इस स्थिति से निपटने के लिए प्रौद्योगिकी के अधिक से अधिक इस्तेमाल की सिफारिश की है. उदाहरण के तौर पर, इंडोनेशिया की FIU अब गैर-लाइसेंस प्राप्त मनी ट्रांसफर सेवाओं और क्रिप्टो के बीच के संबंधों का पता लगाने के लिए ब्लॉकचेन एनालिटिक्स का सहारा ले रही है.


अत्यधिक सख्त नियम भी बने अप्रत्यक्ष कारण


FATF ने अपनी रिपोर्ट में एक चिंताजनक पहलू यह भी रेखांकित किया है कि बैंकों द्वारा जोखिम से बचने के लिए उठाए गए अत्यधिक सख्त कदम ('डी-रिस्किंग') भी अनजाने में आम उपयोगकर्ताओं और वैध मनी सर्विस व्यवसायों को अनौपचारिक हवाला चैनलों की ओर धकेल रहे हैं. इसके साथ ही, अधिकांश देशों के पास अंडरग्राउंड बैंकिंग के वास्तविक पैमाने का सटीक डेटा उपलब्ध नहीं है. रिपोर्ट में नीदरलैंड के 'ऑपरेशन क्लेवर' का हवाला दिया गया, जिसने महज आठ महीनों में लगभग 500 मिलियन यूरो के आपराधिक लेनदेन करने वाले एक एकल हवाला नेटवर्क का पर्दाफाश किया था.


कारोबारी अंदाज और पेशेवर ढांचा


अब यह हवाला नेटवर्क केवल व्यक्तिगत संपर्कों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका स्वरूप एक बहुराष्ट्रीय कॉर्पोरेट जैसा हो गया है. लगभग 80 प्रतिशत देशों ने स्वीकार किया है कि उनके यहां पेशेवर मनी लॉन्ड्रिंग का मुख्य जरिया यही नेटवर्क हैं. इन नेटवर्कों को चलाने के लिए बाकायदा प्रबंधन रणनीतियों और डिजिटल रिकॉर्ड-कीपिंग का इस्तेमाल किया जा रहा है. इस पूरी व्यवस्था को मजबूत करने और कानूनी जांच से बचाने के लिए अब वकीलों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, ऑडिटर्स और रियल एस्टेट एजेंटों की भी मदद ली जा रही है. FATF ने इस खतरे को जड़ से मिटाने के लिए व्यक्तिगत लेनदेन के बजाय पूरे लॉन्ड्रिंग नेटवर्क को ही ध्वस्त करने की सलाह दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP