सेवानिवृत्त कर्मचारियों पर कार्रवाई के लिए राज्यपाल की मंजूरी अनिवार्य: छत्तीसगढ़ HC
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने राज्य के पेंशनभोगियों और पूर्व सरकारी सेवकों से जुड़े एक बेहद अहम कानूनी बिंदु पर ऐतिहासिक निर्णय दिया है. अदालत ने साफ किया है कि किसी भी रिटायर्ड कर्मचारी पर रिटायरमेंट के बाद विभागीय जांच या कार्रवाई शुरू करने के लिए केवल मुख्यमंत्री की सहमति पर्याप्त नहीं है, बल्कि छत्तीसगढ़ सिविल सेवा पेंशन नियम 1976 के प्रावधानों के तहत राज्यपाल की पूर्वानुमति लेना पूरी तरह अनिवार्य है.
यह बड़ा फैसला जस्टिस बीडी गुरु की एकल पीठ ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से सेवानिवृत्त पूर्व मुख्य अभियंता रियाजुल बारी की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुनाया. अदालत ने स्पष्ट तौर पर कहा कि कोई भी प्रशासनिक परिपत्र या कार्यालयीन निर्देश मूल वैधानिक नियमों का स्थान नहीं ले सकता. जब कानून में किसी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए निश्चित व्यवस्था तय की गई है, तो शासन को भी उसी का पूरी तरह पालन करना होगा.
इस टिप्पणी के साथ ही अदालत ने पूर्व अधिकारी के खिलाफ जारी आरोप पत्र और पूरी विभागीय प्रक्रिया को निरस्त कर दिया, हालांकि नियमानुसार नई कार्रवाई की स्वतंत्रता दी है.
उल्लेखनीय है कि याचिकाकर्ता रियाजुल बारी ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा में 40 वर्षों की लंबी सेवा देने के बाद जून 2023 में मुख्य अभियंता पद से रिटायर हुए थे. सेवामुक्ति के समय विभाग ने उन्हें क्लीन चिट देते हुए नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट जारी किया था, जिसके बाद उन्हें संविदा नियुक्ति भी दी गई.
हालांकि, पीएम ग्राम सड़क योजना के तहत रखरखाव फंड में कथित अनियमितता को लेकर सरकार ने अप्रैल 2026 में उन्हें आरोप पत्र थमा दिया था.
हाई कोर्ट में चुनौती दिए जाने पर राज्य सरकार ने तर्क दिया था कि मार्च 2017 के शासकीय सर्कुलर के मुताबिक ऐसे मामलों में मुख्यमंत्री की मंजूरी ही काफी होती है और इस केस में भी फरवरी 2026 में मुख्यमंत्री की सहमति ली गई थी.
लेकिन वरिष्ठ अधिवक्ता मतीन सिद्दीकी के तर्कों से सहमत होते हुए उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार की इस दलील को सिरे से खारिज कर दिया और पेंशन नियमों के उल्लंघन के आधार पर कार्रवाई को अमान्य ठहरा दिया.