छत्तीसगढ़ के निजी स्कूलों में मनमानी फीस पर रोक
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कड़े निर्देश जारी किए हैं. मुख्य सचिव विकासशील की पहल पर स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों को ‘छत्तीसगढ़ अशासकीय विद्यालय फीस विनियमन अधिनियम 2020’ का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है.
सरकार के इन निर्देशों के बाद अब कोई भी निजी स्कूल प्रबंधन अपनी मर्जी से भारी-भरकम फीस नहीं बढ़ा सकेगा.
नियमों के मुताबिक, प्रत्येक निजी स्कूल में 'विद्यालय फीस समिति' का गठन करना अनिवार्य है, जो पिछले वर्ष की तुलना में अधिकतम 8 प्रतिशत तक ही फीस वृद्धि का अनुमोदन कर सकती है.
यदि कोई स्कूल 8 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी करना चाहता है, तो उसे अनिवार्य रूप से जिला फीस समिति से पूर्व अनुमति लेनी होगी.
इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए नोडल प्राचार्यों और जिला शिक्षा अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है.
शासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी विद्यालय नियम विरुद्ध शुल्क वसूलता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी. इसका मुख्य उद्देश्य शिक्षा के व्यवसायीकरण पर रोक लगाना और पालकों के हितों की रक्षा करना है.