2030 तक मलेरिया मुक्त भारत के लक्ष्य पर मंडराया संकट
नई दिल्ली । डेस्क: स्वास्थ्य मंत्रालय की 'मलेरिया उन्मूलन तकनीकी रिपोर्ट 2025' ने भारत के 2030 तक मलेरिया मुक्त होने के संकल्प के सामने एक बड़ी चुनौती पेश कर दी है. रिपोर्ट के अनुसार, 'एनोफेलीज स्टीफेंन्सी' (Anopheles stephensi) नामक एक आक्रामक मच्छर प्रजाति अब शहरों के लिए बड़ा खतरा बन गई है.
यह मच्छर शहरी वातावरण, जैसे कि पानी की टंकियों और निर्माण स्थलों पर जमा पानी में तेजी से पनप रहा है, जिससे दिल्ली जैसे महानगरों में मलेरिया फैलने का डर बढ़ गया है.
भारत ने 2027 तक स्वदेशी मामलों को शून्य करने और 2030 तक पूरी तरह मलेरिया मुक्त होने का लक्ष्य रखा है. हालांकि, हालिया रिपोर्ट बताती है कि बिना लक्षण वाले संक्रमण (Asymptomatic infections), कठिन भौगोलिक क्षेत्र और म्यांमार व बांग्लादेश से होने वाली सीमा पार आवाजाही इस राह में बाधा बन रही है. विशेष रूप से ओडिशा, त्रिपुरा और मिजोरम के कुछ जिलों में अभी भी मलेरिया के उच्च मामले देखे जा रहे हैं.
पिछले एक दशक में भारत ने मलेरिया नियंत्रण में शानदार सफलता पाई है. 2015 में जहां मलेरिया के 11.7 लाख मामले थे, वहीं 2024 में यह घटकर 2.27 लाख रह गए हैं और मौतों में 78% की कमी आई है.
इसके बावजूद, शहरी घनी आबादी और निजी क्षेत्र से रिपोर्टिंग में कमी जैसी चुनौतियां चिंता का विषय हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय ने अब निगरानी प्रणालियों को मजबूत करने, कीटनाशक प्रतिरोध पर शोध करने और आदिवासी व सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय जांच तेज करने को प्राथमिकता दी है ताकि इस जानलेवा बीमारी को जड़ से खत्म किया जा सके.