गोवा अग्निकांड: मालिक फुकेट भागे, इंटरपोल की तलाश
पणजी । डेस्क: पणजी से करीब 25 किलोमीटर दूर एक नाइट क्लब में शनिवार 6 दिसंबर देर रात लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के मुख्य आरोपी और क्लब के मालिक सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा त्रासदी के घंटों बाद फुकेट भाग गए हैं. गोवा पुलिस ने सोमवार 8 दिसंबर, 2025 को यह जानकारी दी.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोआ पुलिस ने सौरभ और गौरव लूथरा दोनों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए सीबीआई के इंटरपोल डिवीजन के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए आगे कदम उठाए हैं.
इस भीषण अग्निकांड में 20 कर्मचारी और 5 पर्यटक, जिनमें दिल्ली के 4 लोग शामिल थे, मारे गए. पांच घायल लोग सरकारी गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में उपचाराधीन हैं.
अधिकारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद, गोवा पुलिस के अनुरोध पर ब्यूरो ऑफ इंटेलिजेंस (बीओआई) ने 7 दिसंबर को ही दोनों आरोपियों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कर दिया था. मुंबई के ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन से संपर्क किया गया, तो पता चला कि दोनों आरोपी घटना (जो आधी रात के आसपास हुई) के तुरंत बाद, 7 दिसंबर को सुबह 5:30 बजे फ्लाइट 6ई 1073 से फुकेट चले गए थे.
उन्होंने कहा कि गोवा पुलिस ने तुरंत एक टीम को आरोपियों के दिल्ली स्थित ठिकानों पर छापेमारी के लिए रवाना किया, लेकिन वे वहां नहीं मिले. अधिकारी ने कहा, “चूंकि वे उपलब्ध नहीं थे, इसलिए उनके घर के गेट पर कानून की उपयुक्त धाराओं के तहत एक नोटिस चिपकाया गया है. यह पुलिस जांच से बचने के उनके इरादे को दर्शाता है.”
गोवा पुलिस ने क्लब के एक कर्मचारी भरत कोहली का ट्रांजिट रिमांड हासिल कर लिया है और उसे गोवा लाया जा रहा है. अधिकारी ने यह भी बताया कि सभी 25 मृतकों का पोस्टमार्टम पूरा कर लिया गया है और शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं.