गोवा: बीजेपी पार्षद के बेटे पर 100 लड़कियों के शोषण का आरोप
पणजी । डेस्क: गोवा में एक बड़े सेक्स स्कैंडल ने तहलका मचा दिया है, जिसमें दक्षिण गोवा के कुरचोरम नगर परिषद के भाजपा पार्षद सुशांत नाइक के 20 वर्षीय बेटे सोहम नाइक पर गंभीर आरोप लगे हैं. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित पाटेकर ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया कि इस मामले में पीड़ितों की संख्या 100 से भी अधिक हो सकती है.
पाटेकर का आरोप है कि आरोपी पिछले तीन वर्षों से नाबालिग लड़कियों को अपना शिकार बना रहा था, उनके अश्लील वीडियो फिल्माता था और उन्हें प्रसारित करता था.
कांग्रेस नेता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कुरचोरम पुलिस शुरुआत में मामला दर्ज करने में कतरा रही थी और स्थानीय लोगों के भारी दबाव के बाद ही कार्रवाई की गई.
उन्होंने चिंता जताई कि आरोपी ने यह अपराध तब शुरू किया जब वह खुद नाबालिग था.
पाटेकर ने राज्य की महिला आयोग और बाल अधिकार संरक्षण आयोग की चुप्पी पर भी निशाना साधा.
फिलहाल, अपराध शाखा मामले की जांच कर रही है और पुलिस के अनुसार अब तक तीन शिकायतें दर्ज की गई हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अन्य पीड़ितों को भी सामने आने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि जांच के बाद वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सके.