मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

ग्लोबल वार्मिंग ही ला सकती है अगला हिमयुग?

C

CG Khabar

31 दिस. 2025, 06:40 PM 3 मिनट में पढ़ें 14

हिमयुग
हिमयुग

कैलिफोर्निया । डेस्क: ग्लोबल वार्मिंग और हिमयुग को अब तक एक-दूसरे का उलटा माना जाता रहा है, लेकिन एक नई वैज्ञानिक शोध ने इस धारणा को चुनौती दी है. शोधकर्ताओं का दावा है कि जिस रफ्तार से ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रही है, वह लंबे समय में पृथ्वी को ठंडा भी कर सकती है और अगले हिमयुग को अपेक्षा से पहले ला सकती है. यह अध्ययन अमेरिका की कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने किया है, जिसे प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिका साइंस में प्रकाशित किया गया है.


शोध के मुताबिक, बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग पृथ्वी के प्राकृतिक कार्बन डाइऑक्साइड चक्र को गंभीर रूप से प्रभावित कर रही है. इसके चलते समुद्र के भीतर मौजूद पारिस्थितिकी तंत्र में बदलाव आ रहे हैं. यदि यह प्रक्रिया अनियंत्रित रही, तो लंबे समय में वातावरण से कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा घट सकती है, जिससे पृथ्वी का तापमान कम होने लगेगा और हिमयुग जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं.

विज्ञापन


वैज्ञानिकों के अनुसार, पृथ्वी की जलवायु को नियंत्रित करने में चट्टानों के क्षरण यानी शिलाक्षय की अहम भूमिका होती है. अब तक माना जाता था कि यह एक धीमी और संतुलन बनाए रखने वाली प्राकृतिक प्रक्रिया है, जो पृथ्वी के औसत तापमान को स्थिर रखती है. लेकिन नई रिसर्च बताती है कि ऑक्सीजन की मात्रा घटने पर यह प्रक्रिया नियंत्रण से बाहर जा सकती है और पृथ्वी को सामान्य से कहीं अधिक ठंडा कर सकती है.


शोध में बताया गया है कि जब वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड पानी की भाप से मिलकर बारिश के साथ धरती पर गिरती है, तो वह ग्रेनाइट जैसी सिलिकेट चट्टानों के साथ रासायनिक प्रतिक्रिया करती है. इससे चट्टानों का क्षरण होता है और कार्बन समुद्र में पहुंच जाता है. वहां यह कैल्शियम के साथ मिलकर चूना-पत्थर और प्रवाल भित्तियों के रूप में जमा हो जाता है, जो लाखों वर्षों तक कार्बन को समुद्र के गर्भ में कैद रखता है.


शोध दल के प्रमुख वैज्ञानिक एंडी रिज़वेल के अनुसार, “जैसे-जैसे पृथ्वी गर्म होती है, चट्टानों का क्षरण तेज होता है और ज्यादा कार्बन समुद्र में जमा होता है. यह प्रक्रिया अंततः पृथ्वी को ठंडा करने का काम करती है.”


नए अध्ययन में समुद्र के भीतर कार्बन चक्र का विश्लेषण करते हुए वैज्ञानिकों ने पाया कि बढ़ती गर्मी के कारण फॉस्फोरस भी अधिक मात्रा में समुद्र में पहुंचता है. इससे प्लवक (प्लैंकटन) तेजी से बढ़ते हैं, जो प्रकाश संश्लेषण के जरिए कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित करते हैं. इनके मरने के बाद यह कार्बन समुद्र की तलहटी में जमा हो जाता है, जिससे वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा और घटती है.


हालांकि, वैज्ञानिक यह भी मानते हैं कि अगले हिमयुग के आने में अभी 50 हजार से लेकर 2 लाख साल लग सकते हैं. एंडी रिज़वेल के मुताबिक, इस समय सबसे अहम सवाल यह नहीं है कि हिमयुग कब आएगा, बल्कि यह है कि मौजूदा ग्लोबल वार्मिंग को कैसे नियंत्रित किया जाए. उनका कहना है कि पृथ्वी किसी न किसी समय फिर से ठंडी होगी, लेकिन अभी मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौती तेजी से बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग से निपटना है. (Symbolic Photo)

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
सुप्रीम कोर्ट
खबर खास

पिता के रहते दादा की पैतृक जायदाद में पोता नहीं मांग सकता अपना हिस्सा: SC

3 घंटे पहले

डोनाल्ड ट्रंप- राष्ट्रपति अमेरिका
खबर खास

आसमान में F-22 से तीन गुना तेज गोल उड़नतश्तरी: क्या ट्रंप ने पहली बार मान ली UFO की बात?

5 घंटे पहले

जेन्सन हुआंग और  एलिस हुआंग- एक डिनर के दौरान ताईपेई में दिनांक May 22, 2025
खबर खास

Nvidia प्रमुख के प्रेम प्रसंग की स्वीकारोक्ति के बाद सिलिकॉन वैली से सिंगापुर तक हड़कंप

17 घंटे पहले

AI Generated Photo
खबर खास

मिर्गी के इलाज में ऐतिहासिक सफलता: चेमोजेनेटिक थेरेपी और 'मॉलिक्यूलर स्विच' से दौरे बंद

3 दिन पहले

क्रिस्टियानो रोनाल्डो-  पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर
खबर खास

234 मैच, 146 गोल और 23 सालों की दास्तान: रोनाल्डो ने पुर्तगाल की 7 नंबर जर्सी को कहा अलविदा

4 दिन पहले

राहुल गांधी- फाइल फोटो
खबर खास

इलाहाबाद HC: 'सिख टिप्पणी' मामले में राहुल गांधी पर नहीं होगी FIR, कहा- सवाल उठाना सांसद का कर्तव्य

4 दिन पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP