महामारी के बाद सबसे सुस्त रहेगी दुनिया की रफ्तार- WB
वाशिंगटन । डेस्क: मध्य पूर्व में जारी तनाव का असर अब वैश्विक अर्थव्यवस्था पर साफ दिखने लगा है. विश्व बैंक ने अपनी ताजा 'ग्लोबल इकोनॉमिक प्रोस्पेक्ट्स' रिपोर्ट में चेतावनी दी है कि इस संघर्ष के कारण वैश्विक आर्थिक विकास दर कोरोना महामारी के बाद के अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच सकती है.
वाशिंगटन स्थित इस संस्था ने साल 2026 के लिए वैश्विक विकास दर के अनुमान को घटाकर 2.5 प्रतिशत कर दिया है, जबकि इसी साल जनवरी में इसके 2.9 प्रतिशत रहने की उम्मीद जताई गई थी. इस गिरावट के पीछे ऊर्जा की बढ़ती कीमतें, रिकॉर्ड महंगाई और ऊंचे ब्याज दरों को मुख्य वजह बताया गया है.
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और ईरान के बीच नाजुक युद्धविराम के लगातार परीक्षणों ने अनिश्चितता का माहौल बना दिया है. सबसे बड़ा झटका तब लगा जब ईरान ने तनाव के जवाब में कच्चे तेल और गैस के परिवहन के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जाने वाले जलमार्ग 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को बंद कर दिया. इस कदम से वैश्विक ऊर्जा और आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह चरमरा गई है.
विश्व बैंक का अनुमान है कि इस साल अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की औसत कीमत 94 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती है, जो पिछले साल की तुलना में 36 फीसदी अधिक है. ईंधन महंगा होने से खाद की कीमतों में भारी उछाल आएगा, जिसका सीधा असर खाद्य पदार्थों की महंगाई के रूप में आम जनता पर पड़ेगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, इस संकट के कारण इस साल वैश्विक मुद्रास्फीति बढ़कर 4 प्रतिशत हो सकती है, जो पिछले साल 3.3 प्रतिशत थी. यदि हालात और बिगड़े, तो विकास दर गिरकर 1.3 प्रतिशत पर आ सकती है और महंगाई 4.4 प्रतिशत तक पहुंच सकती है.
विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा ने कहा कि विकासशील देशों के सामने इस समय दोहरी चुनौती है. उन्हें आज अपनी जनता और स्थिरता की रक्षा करनी है, और कल के विकास तथा रोजगार को भी बचाए रखना है.
चीन और भारत को छोड़कर अधिकांश विकासशील देशों के लिए अमीर देशों के साथ प्रति व्यक्ति आय के अंतर को पाटना अब और मुश्किल हो गया है. इस आर्थिक मंदी से निपटने के लिए विश्व बैंक ने प्रभावित विकासशील देशों के लिए आपातकालीन मदद के तौर पर 60 अरब डॉलर आवंटित किए हैं, जिसे जरूरत पड़ने पर बढ़ाकर 100 अरब डॉलर तक किया जा सकता है.