सांप के डसने से बच्ची की मौत
कोरबा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक 6 साल की बच्ची की सांप के डसने से मौत हो गई. घटना उस समय हुई जब गांव में बिजली गुल थी और बच्ची घर के आंगन में टॉयलेट के लिए निकली थी. अंधेरा में वह सांप को देख नहीं पाई और सांप ने उसे काट लिया.
घटना के बाद घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाने के लिए करीब 27 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा. जबकि गांव जिला मुख्यालय कोरबा से मात्र 12 किलोमीटर है. लेकिन बदहाल सड़क और बाढ़ की वजह से उन्हें घूम कर जाना पड़ा. जिस वजह से समय पर उपचार नहीं हो पाया और बच्ची ने दम तोड़ दिया.
मृत बच्ची का नाम मोनी राठिया है. उसके पिता रूप सिंह राठिया ने बताया घटना करीब रात 2 बजे की है. उसी समय बेटी टॉयलेट के लिए उठी.
उस समय गांव में बिजली बंद थी. घर और आंगन दोनों में अंधेरा था. मोबाइल का टॉर्च जलाकर बेटी टॉयलेट के लिए आंगन गई.
इसी दौरान करैत सांप ने उसे डस लिया. इसके बाद एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस को आने में एक घंटा लगता.
इसलिए प्राइवेट गाड़ी किराया कर बच्ची को अस्पताल ले जाने के लिए निकले. अस्पताल ले जाते समय गांव के पास का नाला उफान पर था.
पुल न होने के कारण उन्हें 27 किलोमीटर का लंबा रास्ता तय करना पड़ा. जिला मेडिकल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पिता का आरोप है कि पुल न होने के कारण उन्हें लंबा रास्ता तय करना पड़ा, जिससे इलाज में देरी हुई और बेटी की मौत हो गई.