GGCU: मार्कशीट और डिग्री में 'इंडिया' की जगह अब लिखा जाएगा 'भारत'
बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्थित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय ने अपने सभी आधिकारिक दस्तावेजों, मार्कशीट और डिग्री प्रमाणपत्रों से 'इंडिया' शब्द को हटाने का एक बड़ा निर्णय लिया है. विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, अब 'इंडिया' की जगह हर जगह 'भारत' शब्द का इस्तेमाल किया जाएगा.
विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक कुमार चक्रवाल ने शनिवार को इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि लगभग छह महीने पहले विश्वविद्यालय की स्थायी समिति ने इस संबंध में एक प्रस्ताव पारित किया था. वर्तमान व्यवस्था के तहत डिग्री और मार्कशीट में अंग्रेजी में 'इंडिया' और हिंदी में 'भारत' लिखा जाता है. लेकिन नए बदलाव के बाद, अंग्रेजी के टेक्स्ट में भी 'इंडिया' को हटाकर 'भारत' ही लिखा जाएगा.
कुलपति चक्रवाल ने स्पष्ट किया कि यह बदलाव तुरंत लागू नहीं होगा, बल्कि मार्कशीट और डिग्री प्रमाणपत्रों का मौजूदा स्टॉक समाप्त होने के बाद इसे पूरी तरह अमल में लाया जाएगा.
इस फैसले के पीछे का तर्क देते हुए उन्होंने साल 2023 में भारत की अध्यक्षता में हुए जी20 शिखर सम्मेलन का हवाला दिया, जहां राष्ट्रपति द्वारा भेजे गए आधिकारिक रात्रिभोज के निमंत्रण पत्र पर 'भारत' शब्द का उपयोग किया गया था.
उन्होंने कहा कि जब देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति इस परंपरा का पालन कर रहे हैं, तो विश्वविद्यालय भी उसी राह पर आगे बढ़ रहा है.
कुलपति ने 'भारत' शब्द के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हमारे देश को प्राचीन काल से आर्यावर्त और जंबूदीप के साथ-साथ भारत कहा जाता रहा है. 'इंडिया' नाम विदेशियों द्वारा अपनी सुविधा के लिए दिया गया था, इसलिए हमें उनके नजरिए से चलने की आवश्यकता नहीं है. यह कदम हमारी अपनी संस्कृति और समृद्ध परंपरा को मजबूत करने का एक प्रयास है.
दूसरी ओर, छत्तीसगढ़ के अन्य प्रमुख विश्वविद्यालयों, जैसे रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और बिलासपुर के ही अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उनके यहाँ फिलहाल ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है और न ही शासन की ओर से इस संबंध में कोई गाइडलाइन प्राप्त हुई है.