Gen Alpha on move: 20 किमी पैदल चल कलेक्टर से शिकायत करने पहुंचीं छात्राएं
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी से परेशान एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (शिवपुर, बटौली) की 100 से अधिक छात्राएं सोमवार को अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आईं. स्कूल परिसर में लंबे समय से गहराए बिजली संकट, शिक्षकों की लापरवाही और गुणवत्ताहीन भोजन से नाराज कक्षा 10वीं से 12वीं की ये छात्राएं जिला मुख्यालय अंबिकापुर के लिए पैदल ही निकल पड़ीं.
करीब 20 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद, जब छात्राएं अंबिकापुर से 10 किलोमीटर पहले पहुंचीं, तब प्रशासनिक अमले ने मौके पर पहुंचकर उनके लिए बस का प्रबंध किया और उन्हें कलेक्टोरेट लाया गया.
कलेक्टोरेट पहुंचकर छात्राओं ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से मुलाकात की और अपनी आपबीती सुनाई. छात्राओं का कहना था कि विद्यालय में पिछले एक माह से बिजली व्यवस्था ठप्प है और वैकल्पिक डीजी सेट का उपयोग भी महज तीन-चार घंटे ही किया जाता है. इसके अतिरिक्त, फिजिक्स और केमिस्ट्री के अतिथि शिक्षकों द्वारा ठीक से न पढ़ाए जाने, भोजन की खराब गुणवत्ता और परिसर में फैली गंदगी को लेकर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई.
कलेक्टर से मुलाकात के दौरान थकान के कारण एक छात्रा बेहोश भी हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अजीत वसंत ने तत्काल प्रभाव से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी (सीएसपीडीसीएल) को बिजली समस्या हल करने के निर्देश दिए. साथ ही पठन-पाठन और साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के लिए आदिवासी विकास विभाग को सख्त हिदायत दी.
प्रशासन ने शिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिए संयुक्त कलेक्टर शारदा अग्रवाल, सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा और सहायक संचालक किरण राजपूत की तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसे दो दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है.
इस घटनाक्रम के बाद राज्य में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आदिवासी क्षेत्रों के लिए आवंटित फंड का लाभ बच्चों तक नहीं पहुंच रहा है.
उन्होंने कोरबा और सूरजपुर में पूर्व में हुए छात्र आंदोलनों का हवाला देते हुए आवासीय विद्यालयों व छात्रावासों की बदहाली पर सरकार को घेरा. फिलहाल, जिला प्रशासन ने सभी आश्रम-छात्रावासों के निरीक्षण के लिए नोडल अधिकारियों को एक सप्ताह की समय-सीमा सौंपी है.
गौरतलब है कि जनरेशन अल्फा (Gen Alpha) जनरेशन जेड (Gen Z) के बाद आने वाली सबसे नई पीढ़ी है, जिसमें 2010 से 2024 या 2025 के बीच जन्मे बच्चे शामिल हैं. इस पीढ़ी के बच्चे पूरी तरह से 21वीं सदी में जन्मे हैं और इन्हें डिजिटल तकनीक, स्मार्टफोन व इंटरनेट के दौर में पलने-बढ़ने वाली पीढ़ी माना जाता है.
वर्तमान में 10वीं और 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र (जिनका जन्म वर्ष 2010 या उसके बाद हुआ है) जनरेशन अल्फा की शुरुआती सीमा में आते हैं. जबकि 12वीं कक्षा की अधिकांश छात्राएं जनरेशन जेड (Gen Z) के अंतर्गत आती हैं क्योंकि उनका जन्म 2008 या 2009 के आसपास हुआ था. ऐसे में यह कहना पूरी तरह सटीक होगा कि स्कूल की 10वीं व 11वीं की छात्राएं जनरेशन अल्फा की शुरुआत का प्रतिनिधित्व करती हैं.