मंगल, 10 नव. 2026

CGKhabar

Gen Alpha on move: छात्राओं के पैदल मार्च के बाद प्राचार्य हटे और सैलरी पर लगी रोक

C

CG Khabar

09 सित. 2026, 12:13 AM 3 मिनट में पढ़ें 10

Gen Alpha on move
Gen Alpha on move

अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में स्थित शिवपुर कन्या एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर कलेक्टोरेट की ओर पैदल मार्च करने के मामले ने राज्य सरकार में कड़ा रुख अख्तियार किया है. इस पूरे प्रकरण में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़े निर्देश जारी किए हैं. 


सीएम के कड़े आदेशों के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय के प्राचार्य ओम नारायण श्रीवास्तव को उनके पद से हटा दिया है और उन्हें सहायक आयुक्त कार्यालय में अटैच कर दिया है. इसके अलावा, छात्रावास अधीक्षिका आयुषी सोनी को काम में लापरवाही बरतने के लिए कारण बताओ नोटिस थमाया गया है.

विज्ञापन


प्रशासनिक फेरबदल के तहत अब अंग्रेजी विषय की शिक्षिका प्रतीक्षा त्रिपाठी को विद्यालय के नए प्राचार्य का प्रभार सौंपा गया है, जबकि मैनपाट एकलव्य स्कूल से अटैच शिक्षक अरविंद अशोक तिग्गा को मूल पद पर वापस भेज दिया गया है. इतना ही नहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने यह बड़ा फैसला भी लिया है कि शिवपुर विद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वेतन अब सीधे जिलाधिकारी (कलेक्टर) की मंजूरी के बाद ही जारी किया जाएगा.


मुख्यमंत्री साय ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर बात कर मामले की पूरी जानकारी ली और छात्राओं को सड़क पर उतरने की नौबत आने पर कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने दो टूक कहा कि दूरस्थ आदिवासी इलाकों के आवासीय स्कूलों और छात्रावासों में बच्चों की सुरक्षा, पढ़ाई और सुविधाओं के मामले में कोई भी कोताही सहन नहीं की जाएगी. सीएम ने छात्राओं की शिकायतों जैसे-विगत तीन महीनों से बिजली न होना, गणित व रसायन शास्त्र के शिक्षकों का ढर्रा, मेस की अव्यवस्था और साफ-सफाई की कमी का तुरंत समाधान करने के कड़े आदेश दिए.


उधर, छत्तीसगढ़ के आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने भी जनजाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. उन्होंने आश्वस्त किया है कि छात्राओं को इस तरह पैदल यात्रा करने के लिए मजबूर करने वाली परिस्थितियों और इसमें जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा.


घटनाक्रम के अनुसार, छात्राएं अपनी समस्याओं से परेशान होकर शिवपुर से सीधे अंबिकापुर के लिए पैदल ही निकल पड़ी थीं. रास्ते में जनजाति विकास विभाग के सहायक आयुक्त ललित शुक्ला ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्राएं कलेक्टर से मिलने की बात पर अड़ी रहीं. 


आखिरकार अधिकारियों ने लमगांव से उन्हें बस में बैठाकर अंबिकापुर पहुंचाया, जहां छात्राओं ने जिलाधिकारी अजीत वसंत को प्राचार्य से बार-बार की गई शिकायतों और बदहाल व्यवस्था की पूरी आपबीती सुनाई. छात्राओं की बातें सुनने के बाद जिलाधिकारी ने संयुक्त जिलाधिकारी शारदा अग्रवाल की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की. समिति ने विद्यालय पहुंचकर जांच-पड़ताल की और अपनी विस्तृत रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी, जिसके तुरंत बाद यह बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई.


गौरतलब है कि जनरेशन अल्फा (Gen Alpha) जनरेशन जेड (Gen Z) के बाद आने वाली सबसे नई पीढ़ी है, जिसमें 2010 से 2024 या 2025 के बीच जन्मे बच्चे शामिल हैं. इस पीढ़ी के बच्चे पूरी तरह से 21वीं सदी में जन्मे हैं और इन्हें डिजिटल तकनीक, स्मार्टफोन व इंटरनेट के दौर में पलने-बढ़ने वाली पीढ़ी माना जाता है.


वर्तमान में 10वीं और 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र (जिनका जन्म वर्ष 2010 या उसके बाद हुआ है) जनरेशन अल्फा की शुरुआती सीमा में आते हैं. जबकि 12वीं कक्षा की अधिकांश छात्राएं जनरेशन जेड (Gen Z) के अंतर्गत आती हैं क्योंकि उनका जन्म 2008 या 2009 के आसपास हुआ था. ऐसे में यह कहना पूरी तरह सटीक होगा कि स्कूल की 10वीं व 11वीं की छात्राएं जनरेशन अल्फा की शुरुआत का प्रतिनिधित्व करती हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP