गौतम अडानी फिर बने एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी एक बार फिर एशिया और भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं. अडानी समूह के शेयरों में आई ज़ोरदार तेज़ी की बदौलत गौतम अडानी की कुल संपत्ति बढ़कर 92.6 बिलियन डॉलर (लगभग 7.7 लाख करोड़ रुपये) हो गई है, जिससे उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है. वर्तमान में अंबानी की संपत्ति 90.8 बिलियन डॉलर आंकी गई है.
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के अनुसार, गौतम अडानी अब दुनिया के 19वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं.
अडानी समूह, जो बंदरगाहों से लेकर नवीकरणीय ऊर्जा और हवाई अड्डों तक फैला हुआ है, के शेयरों में निवेशकों के बढ़ते भरोसे ने उनकी संपत्ति में यह बड़ा उछाल दर्ज किया है. विशेष रूप से अडानी समूह की 10 सूचीबद्ध कंपनियों के प्रदर्शन ने इसमें अहम भूमिका निभाई है.
विगत कुछ वर्षों में शीर्ष स्थान के लिए अडानी और अंबानी के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखी गई है.
2022 में पहली बार शीर्ष पर पहुँचने के बाद, हिंडनबर्ग रिपोर्ट के कारण अडानी की संपत्ति में गिरावट आई थी, लेकिन बुनियादी ढांचे के विस्तार और ऊर्जा क्षेत्र में उनकी पकड़ ने उन्हें फिर से इस मुकाम पर पहुँचा दिया है.
वर्तमान वैश्विक सूची में एलन मस्क 656 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं, जबकि लैरी पेज दूसरे और जेफ बेजोस तीसरे स्थान पर हैं.
गौतम अडानी भारत के ऐसे पहले 'फर्स्ट जेनरेशन' उद्यमी बन गए हैं जिनका व्यावसायिक साम्राज्य 200 बिलियन डॉलर के मार्केट कैपिटलाइजेशन को पार कर चुका है.