गौरेला: दो देवरों ने किया विधवा भाभी से रेप
गौरेला । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहाँ एक विधवा महिला के साथ उसके ही दो देवरों द्वारा अलग-अलग समय पर दुष्कर्म करने के दो पृथक मामले दर्ज किए गए हैं.
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है और उनकी तलाश तेज कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता के पति का करीब 10 वर्ष पूर्व निधन हो चुका था, जिसके बाद से वह अकेली रह रही थी. महिला को बेसहारा पाकर उसके रिश्ते में लगने वाले दो देवरों ने नियत बिगाड़ ली और अलग-अलग मौकों पर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए.
पीड़िता ने इस ज्यादती के खिलाफ शुरुआत में भी आवाज उठाने की कोशिश की थी, लेकिन उस दौरान वह कुछ समय के लिए क्षेत्र से बाहर चली गई थी, जिसके कारण पुलिस का उससे संपर्क नहीं हो सका था.
अब महिला के वापस लौटने पर गौरेला थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कस दिया है. थाना प्रभारी शनिप रात्रे के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.
इसमें पहले आरोपी पर बीएनएस की धारा 66D, 196, 336(3) और 356(2) लगाई गई है, जबकि दूसरे आरोपी के खिलाफ धारा 64(2)(F) के तहत मामला कायम किया गया है.
पुलिस टीमों द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.