गौरेला: आदिवासी युवती से दुष्कर्म का प्रयास, बुजुर्ग फरार
पेंड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला थाना क्षेत्र से एक 24 वर्षीय आदिवासी युवती के साथ खेत में काम करने के दौरान दुष्कर्म का प्रयास किया गया. पीड़िता की तत्परता और साहस की वजह से वह आरोपी के चंगुल से बचकर भागने में सफल रही. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने खेत में कृषि कार्य कर रही थी. इसी दौरान गांव का ही रहने वाला 55 वर्षीय आरोपी हरिश्चंद्र पनिका उर्फ भोला वहां दुर्भावनापूर्ण इरादे से पहुंचा.
उसने पीछे से युवती को दबोचकर जमीन पर गिरा दिया और उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा. युवती द्वारा कड़ा विरोध किए जाने के बाद भी जब आरोपी नहीं माना, तो पीड़िता ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह खुद को उसके चंगुल से छुड़ाकर वहां से भाग निकली.
खेत से सीधे अपने घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती अपने परिजनों को सुनाई. इसके बाद परिजनों के साथ गौरेला थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई. गौरेला थाना प्रभारी शनिप रात्रे ने बताया कि पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी हरिश्चंद्र पनिका के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3), 74, 75, 79 और अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (एट्रोसिटी एक्ट) की धारा 3(2)(v) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है.
घटना के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी.