गौरेला: बुजुर्ग महिला की धक्का देकर हत्या करने वाले को 7 साल की जेल
गौरेला । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अदालत ने एक बुजुर्ग महिला की जान लेने के मामले में कड़ा कदम उठाते हुए आरोपी को 7 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश पेंड्रारोड ज्योति अग्रवाल की अदालत ने आरोपी राजू चौधरी (45) को भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत दोषी करार दिया.
कारावास के साथ ही अदालत ने उस पर 2 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है; जुर्माना राशि न चुकाने की स्थिति में आरोपी को 3 महीने की अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ेगी. हालांकि, सुनवाई के दौरान साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने आरोपी को धारा 296 और 351(3) के आरोपों से बरी कर दिया.
यह दुखद वारदात अमरपुर गांव में 10 जनवरी 2026 की रात करीब 8 बजे सामने आई थी. आरोपी राजू चौधरी ने 70 वर्षीय सोहतिया बाई के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें पक्की सीसी रोड पर जोर से धक्का दे दिया था. इस हमले के कारण वृद्धा के सिर, कूल्हे और पैर में गंभीर चोटें आईं.
परिजनों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन गंभीर स्थिति के चलते 14 जनवरी 2026 को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना के बाद मृतका के परिजन श्रीचंद चौधरी की शिकायत पर पेंड्रा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था और जांच पूरी कर कोर्ट में चालान प्रस्तुत किया था.
अदालत में मामले की पैरवी अतिरिक्त लोक अभियोजक कौशल सिंह ने शासन की ओर से की. सुनवाई के दौरान गवाहों के बयानों और चिकित्सकीय साक्ष्यों का गहन अध्ययन करने के बाद अदालत इस निष्कर्ष पर पहुंची कि आरोपी राजू चौधरी को इस बात का भली-भांति ज्ञान था कि एक बुजुर्ग महिला को इस तरह जोर से फेंकने या धक्का देने से उनकी मृत्यु हो सकती है. अपराध सिद्ध होने के बाद अदालत ने सजा का आदेश जारी करते हुए दोषी को जेल भेजने का निर्देश दे दिया.