गरियाबंद: क्लासरूम के अंदर शराब के नशे में दिखे शिक्षक, शो-कॉज नोटिस जारी
गरियाबंद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले स्थित मैनपुर ब्लॉक के एक प्राथमिक स्कूल में शिक्षक के शराब के नशे में क्लासरूम पहुंचने का मामला सामने आया है. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें सहायक शिक्षक कथित तौर पर अत्यधिक नशे की हालत में ठीक से खड़े और बोलते हुए भी नजर नहीं आ रहे हैं.
वहीं कक्षा के भीतर ही एक सॉफ्ट ड्रिंक की बोतल रखी दिखाई दे रही है, जिसके बारे में स्थानीय लोगों का दावा है कि उसमें महुआ शराब भरी हुई थी. हालांकि, आरोपी शिक्षक ने स्कूल में शराब लाने के आरोपों से साफ इनकार किया है.
इस घटना के सामने आते ही मैनपुर के विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) देवनाथ बघेल ने आरोपी शिक्षक को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी कर दिया है और मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
करीब 24 बच्चों और दो शिक्षकों वाले इस प्राथमिक विद्यालय में घटी इस घटना से अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. परिजनों ने बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले शिक्षकों की इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकत पर कड़ा ऐतराज जताया है.
मैनपुर के अंदरूनी इलाकों में स्थित स्कूलों की निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी इस घटना के बाद गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. गौरतलब है कि लगभग दो महीने पहले भी इसी मैनपुर ब्लॉक के एक सरकारी स्कूल के कमरे में शराब पार्टी करने का वीडियो सामने आया था, जिसके बाद संबंधित शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया था.
अब महज दो महीने के भीतर शराबखोरी से जुड़ी दूसरी घटना सामने आने से नाराज ग्रामीणों ने क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में कड़ी निगरानी, नियमित निरीक्षण और सख्त जवाबदेही तय करने की मांग की है.