गरियाबंद: तेंदुए के जबड़े से मासूम को खींच लाई मां, ग्रामीणों ने बचाई जान
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के कोतरीछापर गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुए ने घर के बाहर खेल रही तीन साल की मासूम बच्ची पर हमला कर दिया. तेंदुए ने बच्ची को अपने जबड़े में दबाकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन बच्ची की मां की सूझबूझ और ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया.
मां के शोर मचाने पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और तेंदुए के चंगुल से बच्ची को सुरक्षित छुड़ा लिया.
इस हमले में बच्ची के गले और पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं. उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 1,000 रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है. साथ ही, वन अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है.
स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्षेत्र में तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है. करीब दो महीने पहले भी इसी इलाके में एक बुजुर्ग पर तेंदुए ने हमला किया था. बार-बार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भारी रोष और डर का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तेंदुए को पकड़ने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. Symbolic Photo