छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा 5.5 लाख का गांजा जब्त
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. नेशनल हाईवे 53 पर सरायपाली के पास नाकाबंदी कर एक बोलेरो वाहन से 11 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5.5 लाख रुपये बताई जा रही है.
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सिल्वर रंग की बोलेरो में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है. इस पर कार्रवाई करते हुए पुटका चौक के पास घेराबंदी की गई. तलाशी के दौरान वाहन की पिछली सीट पर रखे प्लास्टिक के बोरों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश गोरे (पुणे), विशाल भाऊ (औरंगाबाद), मोहम्मद हबीब (महासमुंद) और जेहरू कुलदीप (पुटका गांव) के रूप में हुई है. पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप खपाने के लिए महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी.
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
फिलहाल, पुलिस जब्त मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है ताकि इस अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके.