गैंगस्टर अमन साव का बाकू कनेक्शन
छत्तीसगढ़ में लारेंस विश्नोई और अमन साव गैंग की कहानी अभी ख़त्म नहीं हुई है.
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से झारखंड ले कर जा रही पुलिस ने, गैंगस्टर अमन साव को भले मार गिराया लेकिन लारेंस विश्नोई और अमन साव गैंग की कहानी ख़त्म नहीं हुई है.
इसी कहानी को अंजाम तक पहुंचाने के लिए, अब पुलिस अज़रबैजान की राजधानी बाकू पहुंचने वाली है. माना जा रहा है कि अमन साव और लारेंस विश्नोई गैंग की असली कहानी तो बाकू से ही आएगी.
11 मार्च को छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे हुए झारखंड के पलामू ज़िले में गैंगस्टर अमन साव को पुलिस ने मार गिराया था. झारखंड का यह कुख्यात गैंगस्टर रायपुर की जेल में बंद था और एक दिन पहले यानी 10 मार्च को, झारखंड की पुलिस इसे रांची ले कर जा रही थी.
पुलिस के अनुसार पुलिस की गाड़ी पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के अंधारी ढोड़ा में दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस बीच मौका पाकर अमन साव पुलिस का हथियार छीनकर भागने लगा.
जिसके बाद पुलिस ने उस पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. एक कहानी यह बताई गई कि अमन साव के गिरोह ने पुलिस की गाड़ी पर बम फेंका, जिसके बाद पुलिस से हुई मुठभेड़ में वह मारा गया.
अमन साव की कहानी तो ख़त्म हो गई लेकिन अमन साव गैंग की कहानी अभी बाकी है.
पुलिस ने अमन साव को जुलाई 2022 में गिरफ़्तार किया था. इसके बाद से वह जेल में था. लेकिन जेल से भी वह अपने गैंग को ऑपरेट कर रहा था.
रायपुर के व्यवसायी पर दिन दहाड़े गोली चलाने के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस भी चौंक गई थी. पता चला कि इसके पीछे अमन साव गैंग का हाथ है.
आरोप है कि अपनी मौत से पखवाड़े भर पहले, अमन साव गैंग ने ही रांची और हजारीबाग में गोलियां चलवाई थी. लेकिन इन घटनाओं की कमान किसी और के पास थी.
ये वही शख़्स है, जो अमन साव और गैंगस्टर लारेंस विश्नोई के बीच की कड़ी था. रायपुर की गोलीबारी हो या झारखंड में जेल अधिकारियों को धमकी.
फोन और मेल पर यही सारी घटनाओं की ज़िम्मेवारी लेता था और निर्देश भी देता था. इस व्यक्ति का नाम है सुनील कुमार मीणा ऊर्फ मयंक सिंह.
पिछले साल रायपुर में कारोबारियों पर हमले के बाद इसी मयंक सिंह ऊर्फ सुनील कुमार मीणा ने मीडिया को चिट्ठी लिखी थी-
"रायपुर पुलिस के द्वारा हमारे गैंग के कुछ मेंबर की गिरफ्तारी की गई है. अखबारों में हमने पढ़ा कि हमारे जो टार्गेट थे उनसे हमारा ये डिमांड है ,वो डिमांड है ,और कई तरह की बातें. यह भी छापा गया है कि हमारा गैंग छत्तीसगढ़ में पैर फैलाना चाह रहा है रंगदारी वसूली के लिए.
इस बात में कहीं कोई दम नहीं है कि हमारा गैंग रायपुर में पैर फैलाना चाहता है. मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि रायपुर में जिनकी हत्या होने वाली थी उनमें- कंपनी के मालिकों में से एक थे. यह कंपनी झारखंड में सड़क निर्माण कर रही है. दूसरा टार्गेट थे- जिसका झारखंड में कोल परिवहन का काम है.
इनसे हमारा अब पैसे लेने देने या रंगदारी की मांग को लेकर कोई बात नहीं है. इन्होंने ईगो हर्ट किया है, कंपनी के मालिकों के इशारे पर झारखंड पुलिस के कुछ लोगों के साथ मिलकर हमारे गैंग के लोगों की षड्यंत्र पूर्वक गिरफ्तारी कराई है. इसे हम सीधे रूप से चुनौती के रूप में लेते हैं.
चाहते तो इसी कंपनी के अधिकारी या कर्मचारी को झारखंड में इनके साइट पर हत्या कर सकते थे, पर हम ऐसा करेंगे नहीं क्योंकि, इसमें सीधे तौर पर मालिक की भूमिका थी. हम बेशक इस बार फेल हुए है, पर ये प्रयास अंतिम नहीं है. हमारी कोशिश जारी रहेगी और हम बहुत जल्द परिवार और बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टीम एक आदमी कम कर देंगे.
साथ ही मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि गैंग में हथियारों और शूटर की कोई कमी नहीं है.. देश-विदेश के किसी हिस्से में बैठा कोई कॉर्पोरेट समूह झारखंड में कारोबार करेगा मुझे दरकिनार नहीं कर सकता है. जो करने की कोशिश करेगा हम उस तक पहुंचेंगे."
इसके बाद जून के महीने में गिरिडीह की जेल अधीक्षक को मयंक सिंह ऊर्फ सुनील कुमार मीणा के नाम से वाट्सऐप पर धमकी दी गई थी.
इसमें कहा गया था कि अमन साहू को जेल में मोबाइल, गांजा और अन्य सुविधाएं नहीं मिली तो जेल अधीक्षकऔर उनके परिवार को मार दिया जाएगा.
गिरिडीह जेल की अधीक्षक हिमानी प्रिया को पहला मैसेज 1(781)413-4285 नंबर से 28 जून को सुबह 6:26 बजे आया था. इसके बाद उसी रात करीब 8:15 बजे 1(401)422-6048 नंबर से वॉट्सएप पर कॉल कर के धमकी दी गई थी.
इसके बाद झारखंड एटीएस यानी आतंकवाद निरोधक दस्ता ने हिमानी प्रिया पर हमले की योजना बनाते अमन साहू गैंग के जुड़े चार लोगों को गिरफ़्तार किया था.
इन चारों की गिरफ्तारी के बाद एक विज्ञप्ति में मयंक सिंह ने कहा- "मैंने गिरिडीह जेल सुपरिटेंडेंट और जेलर से बहुत ही अच्छे से बात करने की कोशिश की. उनलोगों ने मेरे अमन साहू को बदनाम और झूठे केस में फंसाने का प्रयास किया.. मुझे यह भी जानकारी मिली है कि अमन साहू को गिरिडीह जेल में जेल मैनुअल के हिसाब से नहीं रखा जाता था. उन्हें जेल में बहुत ज्यादा प्रताड़ित किया जाता है..अमन साहू को परेशान और प्रताड़ित करने वाले को दंडित करूंगा..अमन साहू सिर्फ मेरे बॉस ही नहीं मेरे लिए भगवान से बढ़कर हैं. गिरोह से मेरा पूर्व में रिश्ता बहुत अच्छा रहा था, यह बात सत्य है. पर मैं सूचित करना चाहता हूं कि अमन साहू और उनके गिरोह का सारा काम मैं देखता हूं."
इतनी बात के बाद तो आप समझ ही गए होंगे कि अमन साव के जेल में रहते यह मयंक सिंह ही था, जो पूरे गैंग को ऑपरेट कर रहा था.
मयंक सिंह का असली नाम है सुनील कुमार मीणा. जो राजस्थान के अनूपगढ़ जिले की नई मंडी थाना क्षेत्र के जीडीए पुरानी मंडी घड़साना का रहने वाला है. देश से बाहर बैठ कर यही सुनील कुमार मीणा, गैंगस्टर लारेंस विश्नोई और अमन साव गैंग के लिए काम कर रहा था.
रायपुर के कारोबारी पर हमले के बाद सुनील कुमार मीणा के ख़िलाफ़ लुकआउट नोटिस जारी किया गया और फिर उस पर भारत की पुलिस ने शिकंजा कसना शुरु किया और अंततः इंटरपोल की मदद से उसे अज़रबैजान में गिरफ़्तार कर लिया गया.
इन दिनों वह अजरबैजान की राजधानी बाकू की जेल में है.
इसके बाद झारखंड की एटीएस ने सीबीआई के मार्फत सुनील कुमार मीणा ऊर्फ मयंक सिंह के प्रत्यर्पण की अपील की और इस अपील को मंजूर भी कर लिया गया.
अगर सब कुछ ठीक रहा तो झारखंड एटीएस के एसपी ऋषभ झा जल्दी ही अपनी टीम के साथ बाकू रवाना होंगे, सुनील कुमार मीणा ऊर्फ मयंक सिंह को लेने के लिए.
हो सकता है, इसके बाद झारखंड और छत्तीसगढ़ में अपराधियों के कई चेहरे बेनकाब हों.