बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

गंगाजल वाला वेट वाइप्स, भक्ति है या बिजनेस?

C

CG Khabar

19 दिस. 2025, 05:58 PM 2 मिनट में पढ़ें 18

गंगाजल वाइप्स
गंगाजल वाइप्स

नई दिल्ली । डेस्क: हिंदू धर्म में गंगाजल का विशेष महत्व है. माना जाता है कि गंगा में एक डुबकी लगाने से जन्म-जन्मांतर के पाप धुल जाते हैं और आत्मा को शांति मिलती है. इसी अटूट आस्था को अब आधुनिक बाजार ने एक नया रूप दे दिया है. सोशल मीडिया पर इन दिनों 'गंगाजल वेट वाइप्स' (Ganga Jal Wet Wipes) तेजी से वायरल हो रहा है, जो परंपरागत धार्मिक मान्यताओं और आधुनिक उपभोक्ता संस्कृति के मेल का एक अनोखा उदाहरण पेश कर रहा है.


'हरि दर्शन' ब्रांड द्वारा पेश किए गए इस उत्पाद को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें गंगाजल का मिश्रण है. आमतौर पर यात्रा के दौरान हाथ-मुंह साफ करने के लिए इस्तेमाल होने वाले वेट वाइप्स को अब 'आध्यात्मिक स्पर्श' के साथ जोड़ा गया है. इस उत्पाद के जरिए यह संकेत देने की कोशिश की गई है कि अब पाप मुक्ति के लिए पवित्र घाटों तक जाने की जरूरत नहीं, बल्कि घर बैठे वाइप्स के इस्तेमाल से ही यह संभव हो सकता है.

विज्ञापन


बाजार में इस उत्पाद के 30 वाइप्स वाले पैकेट की कीमत लगभग 100 रुपये रखी गई है. कंपनी के इस दावे ने कि यह वाइप्स 'पाप' दूर करने में सहायक हैं, इंटरनेट पर एक नई बहस छेड़ दी है. अमेज़न जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर इसकी उपलब्धता ने यह साफ कर दिया है कि यह कोई फेक न्यूज़ नहीं, बल्कि एक वास्तविक उत्पाद है.


सोशल मीडिया पर इस अनोखे आविष्कार को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. जहां कुछ लोग इसे तकनीक और परंपरा का बेहतरीन संगम मान रहे हैं, वहीं बड़ी संख्या में नेटिजन्स इसका मजाक भी उड़ा रहे हैं. एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, "इस्तेमाल के बाद इस वाइप्स को फेंकने के बजाय गंगा में विसर्जित कर देना चाहिए." वहीं एक अन्य यूजर ने इसकी प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए पूछा कि इसमें इस्तेमाल किया गया जल गंगोत्री का है या वाराणसी के किसी घाट का?


धार्मिक आस्था और बाजारवाद के इस दिलचस्प गठजोड़ ने एक नई चर्चा को जन्म दे दिया है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह गंगाजल वाइप्स लोगों की श्रद्धा का हिस्सा बनता है या महज एक वायरल ट्रेंड बनकर रह जाता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP