टीएस सिंहदेव की पहल पर गडकरी ने दी मंजूरी: NH-130 पर बनेगा बायपास, एनिमल अंडरपास
अंबिकापुर । संवाददाता: अंबिकापुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के चौड़ीकरण कार्य में अब जनसुविधा और वन्यजीव संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए महत्वपूर्ण संशोधन किए गए हैं. केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने इस मार्ग पर लखनपुर नगर के लिए नए बायपास और लेमरू एलीफेंट रिजर्व क्षेत्र में एनिमल अंडरपास सहित बैरिकेडिंग के प्रावधान को हरी झंडी दे दी है.
यह निर्णय पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव द्वारा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को लिखे गए पत्र और उनके सुझावों के बाद लिया गया है. इस राजमार्ग को फोरलेन में बदलने की मंजूरी पहले ही मिल चुकी थी, लेकिन स्थानीय जरूरतों को देखते हुए अब इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) में बदलाव किया जा रहा है.
लखनपुर शहर के बीच से भारी वाहनों के गुजरने के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बायपास की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब परियोजना का हिस्सा बना लिया गया है.
इसके साथ ही, यह मार्ग सरगुजा, सूरजपुर और कोरबा जिलों के उन घने वन क्षेत्रों से गुजरता है जो लेमरू हाथी प्रोजेक्ट के अंतर्गत आते हैं.
हाथियों और अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिंहदेव ने भारतमाला परियोजना के मानकों के अनुरूप सुरक्षित कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव दिया था.
मंत्रालय की सहमति के बाद अब इस क्षेत्र में हाथियों की बेरोकटोक आवाजाही के लिए पर्याप्त संख्या में अंडरपास और सुरक्षा घेरे का निर्माण किया जाएगा.
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने 20 अप्रैल को संबंधित एजेंसी को इन संशोधनों के साथ नई रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं. इस सकारात्मक पहल पर टी.एस. सिंहदेव ने केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास और पर्यावरण संतुलन के लिए एक बड़ा कदम बताया है.