ईरान का भविष्य ईरानी जनता तय करेगी, न कि 'जेफ्री एपस्टीन का गैंग'
तेहरान । डेस्क: ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जारी भीषण युद्ध के बीच तेहरान ने वाशिंगटन के हस्तक्षेप को कड़े शब्दों में खारिज करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि देश का नेतृत्व चुनना केवल ईरानियों का अधिकार है. ईरान के नए सर्वोच्च नेता के रूप में मुजतबा खामेनेई की नियुक्ति के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बयानों पर पलटवार करते हुए ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने सोशल मीडिया पर तीखा हमला बोला. गालिबाफ ने दो टूक कहा कि "बेहद अजीज ईरान का भाग्य केवल गौरवान्वित ईरानी राष्ट्र द्वारा निर्धारित किया जाएगा, न कि जेफ्री एपस्टीन के गैंग द्वारा."
यह बयान सीधे तौर पर उन अमेरिकी रसूखदार हस्तियों और राजनीतिज्ञों पर निशाना था जिनके तार कुख्यात अपराधी एपस्टीन से जुड़े रहे हैं. ईरान की ओर से यह प्रतिक्रिया उस समय आई है जब राष्ट्रपति ट्रम्प ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि वाशिंगटन की मंजूरी के बिना ईरान का कोई भी नया नेता "ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएगा."
56 वर्षीय मुजतबा खामेनेई को उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के महज एक सप्ताह बाद 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' द्वारा नया सर्वोच्च नेता चुना गया है. अयातुल्ला खामेनेई की मौत 28 फरवरी को तेहरान में हुए एक संयुक्त अमेरिकी-इजरायली हवाई हमले में हुई थी, जिसके बाद से पूरा मध्य पूर्व युद्ध की आग में झुलस रहा है.
मुजतबा खामेनेई की नियुक्ति को न केवल सत्ता की निरंतरता बल्कि पश्चिम के खिलाफ एक "प्रतिरोध के कृत्य" के रूप में देखा जा रहा है. ईरानी नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया है कि वे बाहरी दबाव में झुकने वाले नहीं हैं.
असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के सदस्य हैदरी अलेकासिर ने बताया कि नए नेता का चयन इस आधार पर किया गया है कि उसे दुश्मन द्वारा सराहा नहीं, बल्कि उससे "नफरत" की जानी चाहिए. यह रुख दिखाता है कि ईरान आने वाले समय में और भी अधिक कट्टरपंथी और संघर्षपूर्ण नीति अपना सकता है.
युद्ध के नौवें दिन भी तेहरान के आसमान में इजरायली हमलों के कारण लगी तेल डिपो की आग का धुंआ छाया हुआ है, लेकिन ईरानी अधिकारियों के हौसले पस्त होते नहीं दिख रहे. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) और देश की सेना ने नए नेता मुजतबा खामेनेई के प्रति अपनी पूर्ण निष्ठा व्यक्त की है.
IRGC के प्रवक्ता अली मोहम्मद नैनी ने दावा किया कि ईरान के पास अगले छह महीनों तक हमले जारी रखने के लिए पर्याप्त मिसाइल भंडार है और वे जल्द ही अपनी सबसे उन्नत लंबी दूरी की मिसाइलों का उपयोग शुरू करेंगे.
विश्लेषकों का मानना है कि गालिबाफ का "एपस्टीन गैंग" वाला बयान ईरान की उस रणनीति का हिस्सा है जिसमें वह अमेरिका को नैतिक रूप से कटघरे में खड़ा कर रहा है. यह संदेश साफ है कि युद्ध के मैदान में भीषण बमबारी और नेतृत्व की हत्याओं के बावजूद, ईरान अपनी राजनीतिक स्वायत्तता को लेकर किसी भी समझौते के मूड में नहीं है.
अब मुजतबा खामेनेई के कंधों पर इस 47 साल पुराने इस्लामी गणराज्य को इसके सबसे बड़े अस्तित्वगत संकट से उबारने की जिम्मेदारी है.