दिल्ली में पुराने वाहनों को ईंधन नहीं मिलेगा
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिये, 1 जुलाई 2025 से पुराने (एंड-ऑफ-लाइफ) वाहनों को पेट्रोल पंपों पर ईंधन देने पर प्रतिबंध लग गया है. यह निर्देश वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के तहत लागू किया गया है. परिवहन विभाग, दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने सख्त अनुपालन के लिये व्यापक रणनीति तैयार की है.
परिवहन विभाग ने 59 विशेष टीमें तैनात की हैं, जबकि दिल्ली पुलिस और MCD कर्मचारी 350 पेट्रोल पंपों पर निगरानी करेंगे.
डीजल वाहनों की आयु 10 वर्ष और पेट्रोल वाहनों की 15 वर्ष से अधिक होने पर उन्हें ईंधन नहीं दिया जायेगा. ट्रैफिक पुलिस ऐसे वाहनों को जब्त करेगी और मालिकों को चालान जारी करेगी.
प्रत्येक पेट्रोल पंप पर दो अतिरिक्त पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखेंगे.
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के इस कदम का उद्देश्य दिल्ली की बिगड़ती वायु गुणवत्ता में सुधार लाना है. इसके अलावा, 17 जून को दिल्ली सरकार ने SOPs जारी किये, जिसमें पेट्रोल पंपों को ईंधन से वंचित वाहनों का लॉग रखने का निर्देश दिया गया है.