ई-स्कूटी डीलरशिप के नाम पर लाखों की ठगी, मुख्य आरोपी नोएडा से गिरफ्तार
बालोद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की बालोद पुलिस ने 100 फीसदी कैशबैक का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाली कंपनी के फरार मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) को पकड़ लिया है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी नंदकिशोर साहू (35) को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया. अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
आरोपी काफी समय से पुलिस को चकमा देकर लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जबकि मामले में शामिल दो अन्य वरिष्ठ अधिकारी पहले ही सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं.
ठगी का यह पूरा मामला गुरुर क्षेत्र के भानपुरी निवासी मनीष कुमार साहू की शिकायत से सामने आया था. पीड़ित कारोबारी को कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों ने इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्कूल वैन, लोडर वाहन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामानों की आधिकारिक डीलरशिप देने का लालच दिया था.
झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने मई 2024 से अलग-अलग किस्तों में कुल 31.80 लाख रुपये कंपनी के खातों में ट्रांसफर कर दिए थे. पैसे मिलने पर कंपनी ने उसे डीलरशिप का प्रमाणपत्र भी जारी कर दिया और पीड़ित ने कारोबार के लिए सनौद में एक दुकान किराए पर ले ली.
व्यापार की शुरुआत में कंपनी ने पीड़ित को महज 11 इलेक्ट्रिक गाड़ियां भेजीं, जिनकी गुणवत्ता बेहद खराब थी. घटिया क्वालिटी के चलते कंपनी ने सभी वाहन वापस मंगवा लिए और नई गाड़ियां भेजने का वादा किया, जो कभी पूरा नहीं हुआ.
ठगे जाने का अहसास होने पर जब व्यवसायी ने अपने पैसे वापस मांगे, तो सितंबर 2024 में उसे केवल 1.45 लाख रुपये ही लौटाए गए. बाकी बकाया रकम के बदले दिए गए तीन बैंक चेक भी बाउंस हो गए.
इसके बाद मई में मामला सनौद थाने पहुंचा, जिस पर कार्रवाई करते हुए बालोद पुलिस ने त्वरित कदम उठाए. जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने सितंबर में ही कटघोरा निवासी प्रबंध निदेशक लोकेश द्विवेदी और सारंगढ़ निवासी अध्यक्ष पुरुषोत्तम साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर साहू की गिरफ्तारी के साथ ही इस पूरे धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश हो गया है, और पूछताछ में मुख्य आरोपी ने अपना जुर्म भी स्वीकार कर लिया है.