छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री कवासी लखमा ने ओडिशा में जमाया डेरा
मलकानगिरी । डेस्क: छत्तीसगढ़ के नेता और पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने अब पड़ोसी राज्य ओडिशा के मलकानगिरी जिले को अपना नया आशियाना बनाया है. दरअसल, कथित शराब घोटाले से जुड़े मामले में उच्चतम न्यायालय ने लखमा को सशर्त जमानत देते हुए उनके छत्तीसगढ़ प्रवेश पर रोक लगा दी है.
इसी न्यायिक आदेश का पालन करते हुए लखमा ने छत्तीसगढ़ की सीमा से सटे मलकानगिरी जिले में रहने का निर्णय लिया है.
मलकानगिरी पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए लखमा ने कहा कि वह कानून का सम्मान करते हैं और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत ही छत्तीसगढ़ के बजाय मलकानगिरी में प्रवास करेंगे.
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान वह स्थानीय लोगों की समस्याओं को समझेंगे और मलकानगिरी जिला कांग्रेस इकाई के साथ मिलकर पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे.
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि छत्तीसगढ़ की सीमा के बेहद करीब होने के कारण लखमा के लिए मलकानगिरी रणनीतिक रूप से काफी सुविधाजनक है.
4 फरवरी को जमानत मिलने के बाद उनके इस कदम से न केवल उनके समर्थकों में उत्साह है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों में कांग्रेस की सांगठनिक मजबूती पर भी इसका असर पड़ सकता है. फिलहाल, सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि राज्य से बाहर रहकर लखमा अपनी राजनीतिक सक्रियता को किस तरह बरकरार रखते हैं.